म्यांमार में फंसाए गए 125 भारतीयों की घर वापसी, थाईलैंड से किया गया रेस्क्यू

बैंकॉक। म्यांमार के साइबर ठगी नेटवर्क में फंसे भारतीय नागरिकों को बचाने के लिए भारत सरकार का बड़ा अभियान एक बार फिर सफल रहा। बुधवार को थाईलैंड के माई सौत शहर में फंसे 125 भारतीयों को भारतीय वायुसेना (IAF) के विशेष विमान से सुरक्षित स्वदेश लाया गया। ये सभी लोग म्यावाडी स्थित साइबर फ्रॉड सेंटर से भागकर थाईलैंड पहुंचे थे, जहां उन्हें स्थानीय अधिकारियों ने पकड़ा, जुर्माना लगाया और कई सामान जब्त किए।

भारत सरकार अब तक इस क्षेत्र से 1,500 से अधिक भारतीयों को बाहर निकालने में सफल रही है। बैंकॉक स्थित भारतीय दूतावास ने इसकी आधिकारिक पुष्टि की।

सरकारी एजेंसियों की संयुक्त कार्रवाई

भारतीय दूतावास (बैंकॉक) और भारतीय वाणिज्य दूतावास (चियांग माई) ने थाईलैंड के टाक प्रांत के प्रशासन व सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय कर इन भारतीयों की वापसी को सुगम बनाया। दूतावास के अनुसार दक्षिण-पूर्व एशिया में सक्रिय इन घोटाला केंद्रों से भारतीयों को बचाने के लिए लगातार प्रयास जारी हैं।

दूतावास ने जारी की चेतावनी

भारतीय दूतावास ने एक्स पर पोस्ट कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी। दूतावास ने कहा—
“विदेश में नौकरी का प्रस्ताव स्वीकार करने से पहले नियोक्ता, भर्ती एजेंट और कंपनी के रिकॉर्ड की गहन जांच जरूर करें। साथ ही ध्यान रहे कि भारतीय पासपोर्ट धारकों के लिए थाईलैंड में वीज़ा-मुक्त प्रवेश केवल पर्यटन और अल्पकालिक व्यापारिक यात्रा के लिए है, इसका नौकरी पाने के लिए दुरुपयोग न करें।”

सोमवार को भी 269 भारतीय लौटे

एक दिन पहले ही, भारतीय वायुसेना के दो विशेष विमानों ने 11 महिलाओं सहित 269 भारतीयों को माई सौत से स्वदेश वापस पहुंचाया था। ये सभी लोग भी म्यांमार के म्यावाडी क्षेत्र के ठगी गिरोहों के चंगुल में फंसे थे और हाल ही में वहां की छापेमारी के बाद रिहा किए गए थे।

पिछले सप्ताह भी हुआ था बड़ा रेस्क्यू

पिछले सप्ताह 197 भारतीय नागरिकों को भी इसी तरह एयरलिफ्ट कर भारत लाया गया था। इस पूरे ऑपरेशन की निगरानी के लिए थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने स्वयं माई सौत का दौरा किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *