भिलाई में चाकूबाजी के बाद 26 वर्षीय युवक की मौत, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

भिलाई नगर नेहरू नगर चौक पर शनिवार रात करीब 11:30 बजे हुई चाकूबाजी की घटना में गंभीर रूप से घायल 26 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान रविवार सुबह मौत हो गई। मृतक की पहचान कैंप-01 निवासी शिव कुमार सिंह, पिता अवधेश सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद सुपेला पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, शिव कुमार सिंह अपने दोस्त शिशांत के साथ बाइक से नेहरू नगर चौक पहुंचा था। शिव कुमार को चिचोला जाना था, जहां वह दुकान चलाता था। इसी दौरान वह सड़क से गुजर रहे एक ट्रक को लिफ्ट के लिए रोकने का प्रयास कर रहा था, लेकिन ट्रक नहीं रुका।

इसके बाद शिव कुमार और उसके दोस्त ने स्कूटी सवार युवकों को रोकने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि स्कूटी पर दो युवक और एक युवती सवार थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच बहस हो गई। आरोप है कि स्कूटी सवार एक युवक ने शिव कुमार की बाईं जांघ के सामने की ओर चाकू से वार कर दिया।

चाकू लगने के बाद शिव कुमार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया। वारदात के बाद आरोपी स्कूटी सवार नेहरू नगर चौक के ब्रिज के नीचे से अंडरब्रिज की ओर होते हुए टाउनशिप की दिशा में फरार हो गए। घटना के समय शिव कुमार के साथ मौजूद दूसरे युवक को आरोपियों की स्कूटी का नंबर नहीं मिल सका।

घायल शिव कुमार को पुलिस इलाज के लिए हाईटेक अस्पताल लेकर पहुंची। वहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज भेज दिया। इलाज के दौरान रविवार सुबह उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद सुपेला पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है। पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल आरोपियों की संख्या और उनकी पहचान की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *