शिवनाथ नदी का बढ़ा जलस्तर, एनीकट के ऊपर से बह रहा पानी

  • तेज बहाव देखने उमड़ी लोगों की भीड़, प्रशासन ने जारी किया सतर्कता अलर्ट

दुर्ग। जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते शिवनाथ नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। नदी में पानी का बहाव बढ़ने से महमरा एनीकट के ऊपर से पानी बह रहा है। बढ़े जलस्तर और तेज बहाव का नजारा देखने बड़ी संख्या में लोग नदी के आसपास पहुंच रहे हैं।

नदी के तेज बहाव को देखने पहुंचे लोग अपने मोबाइल कैमरों में तस्वीरें और वीडियो कैद करते नजर आए। बारिश के कारण नदी में लगातार पानी की आवक बनी हुई है, जिससे जलस्तर में और वृद्धि होने की संभावना जताई जा रही है।

इधर, प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। नदी के किनारे और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से जाने से बचने तथा सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने कहा गया है। प्रशासन द्वारा स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ के 22 जिलों में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। ऐसे में आने वाले समय में शिवनाथ नदी का जलस्तर और बढ़ने की आशंका बनी हुई है। प्रशासन ने नदी एवं जलभराव वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *