हरियाणा में पुलिस थाने के सामने ताबड़तोड़ 30 राउंड फायरिंग, 2 की मौत, कई घायल

फतेहाबाद/चरखी दादरी। हरियाणा के चरखी दादरी में गुरुवार को पुलिस थाने के सामने दिनदहाड़े हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में सनसनी फैल गई। हमलावरों ने एक ब्लैक स्कॉर्पियो को निशाना बनाते हुए करीब 30 राउंड गोलियां चलाईं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हमले में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पहले चरखी दादरी के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीन बदमाश बाइक पर सवार होकर आए और पुलिस थाने के सामने स्कॉर्पियो के आगे बाइक लगाकर वाहन को रुकवा लिया। इसके बाद उन्होंने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों में दहशत फैल गई। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों हमलावर हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।

पुलिस के मुताबिक, स्कॉर्पियो में सवार सात लोग गोलीबारी की चपेट में आए। घायलों की पहचान चरखी दादरी के अंकित, हिसार के कीर्तिमान और सनी, भिवानी के सूरज और अंकित, महेंद्रगढ़ के कृष्ण तथा फतेहगढ़ के अमित के रूप में हुई है। सभी का इलाज रोहतक स्थित पीजीआई में जारी है।

घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो और कथित ऑडियो तेजी से वायरल हो रहा है। ऑडियो में खुद को नवीन बॉक्सर बताने वाला व्यक्ति इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा करता सुनाई दे रहा है। इसमें यह भी कहा गया है कि हमला कथित रूप से अनिल फतेहगढ़ी को निशाना बनाकर किया गया था। हालांकि, वायरल ऑडियो और दावों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस ने नहीं की है।

पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश में विशेष टीमें गठित की गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *