एशिया कप में फिर भिड़ेंगी भारत और पाकिस्तान की महिला टीमें, जानें कब खेला जाएगा रोमांचक मुकाबला

नई दिल्ली एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) ने गुरुवार को विमेंस एशिया कप 2026 के कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। टूर्नामेंट का आगाज 28 अगस्त से होगा, जबकि क्रिकेट प्रेमियों की सबसे बहुप्रतीक्षित भिड़ंत भारत और पाकिस्तान के बीच 5 सितंबर को खेली जाएगी।

इस बार विमेंस एशिया कप टी20 प्रारूप में खेला जाएगा, जिसमें 8 टीमें हिस्सा लेंगी। सभी टीमों को दो समूहों में विभाजित किया गया है। ग्रुप-ए में भारत, पाकिस्तान, थाईलैंड और हांगकांग (चीन) को जगह मिली है, जबकि ग्रुप-बी में श्रीलंका, बांग्लादेश, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और इंडोनेशिया शामिल हैं।

प्रत्येक ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी। पहला सेमीफाइनल 10 सितंबर, दूसरा सेमीफाइनल 11 सितंबर और फाइनल मुकाबला 13 सितंबर को खेला जाएगा। टूर्नामेंट के सभी मैच दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में फ्लडलाइट्स की रोशनी में आयोजित होंगे।

भारत का शानदार रिकॉर्ड

महिला एशिया कप की शुरुआत वर्ष 2004 में हुई थी। शुरुआती चार संस्करण वनडे प्रारूप में खेले गए और चारों बार भारतीय टीम चैंपियन बनी। वर्ष 2012 से प्रतियोगिता टी20 प्रारूप में आयोजित की जा रही है।

भारत ने 2012 और 2016 में पाकिस्तान को हराकर खिताब अपने नाम किया था। वहीं, 2018 में बांग्लादेश ने पहली बार भारत को हराकर ट्रॉफी जीती। 2022 में भारत ने श्रीलंका को हराकर सातवीं बार एशिया कप का खिताब जीता, जबकि 2024 में श्रीलंका ने भारत को हराकर पहली बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

महिला एशिया कप 2026 का कार्यक्रम

  • 28 अगस्त: थाईलैंड vs हांगकांग (चीन)
  • 29 अगस्त: श्रीलंका vs यूएई
  • 30 अगस्त: भारत vs थाईलैंड
  • 31 अगस्त: बांग्लादेश vs इंडोनेशिया
  • 1 सितंबर: पाकिस्तान vs थाईलैंड
  • 2 सितंबर: श्रीलंका vs इंडोनेशिया
  • 3 सितंबर: भारत vs हांगकांग (चीन)
  • 4 सितंबर: यूएई vs इंडोनेशिया
  • 5 सितंबर: भारत vs पाकिस्तान
  • 6 सितंबर: श्रीलंका vs बांग्लादेश
  • 7 सितंबर: पाकिस्तान vs हांगकांग (चीन)
  • 8 सितंबर: बांग्लादेश vs यूएई
  • 10 सितंबर: सेमीफाइनल-1 (ए1 बनाम बी2)
  • 11 सितंबर: सेमीफाइनल-2 (बी1 बनाम ए2)
  • 13 सितंबर: फाइनल

भारत और पाकिस्तान के बीच 5 सितंबर को होने वाले मुकाबले पर क्रिकेट प्रशंसकों की खास नजर रहेगी। दोनों पारंपरिक प्रतिद्वंद्वी टीमें एक बार फिर मैदान पर आमने-सामने होंगी, जिससे टूर्नामेंट का रोमांच और भी बढ़ने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *