दुर्ग। शहर के पुराना बस स्टैंड स्थित मजार में 13 मई से 16 मई तक आयोजित होने वाले उर्स कार्यक्रम को लेकर यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं एवं आमजन की सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंध लागू रहेगा।
यातायात पुलिस द्वारा जारी व्यवस्था के अनुसार पटेल चौक से इंदिरा मार्केट की ओर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वहीं फरिश्ता कॉम्प्लेक्स से पटेल चौक की ओर वाहनों का आवागमन भी बंद रहेगा। इसके अलावा आयोजन अवधि के दौरान दुर्ग शहर के भीतर रात्रिकालीन समय में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

उर्स कार्यक्रम में आने वाले श्रद्धालुओं एवं नागरिकों के लिए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग व्यवस्था की गई है। भिलाई पावर हाउस की ओर से आने वाले वाहनों के लिए बस स्टैंड पार्किंग स्थल निर्धारित किया गया है। रिसाली की ओर से आने वाले वाहन झाड़ूराम देवांगन स्कूल परिसर में पार्क किए जाएंगे, जबकि गंजपारा, पुलगांव और राजनांदगांव की ओर से आने वाले वाहनों के लिए गंज मंडी गंजपारा एवं पुलिस लाइन दुर्ग में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
यातायात पुलिस द्वारा आयोजन अवधि में प्रमुख चौक-चौराहों एवं संवेदनशील मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।
यातायात एडिशनल एसपी रिचा मिश्रा ने आम नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि वे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों में ही वाहन खड़े करें तथा ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा दिए जा रहे निर्देशों का पालन कर यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें।