इंदिरा मार्केट में 17.35 करोड़ की लागत से बनेगा मल्टीलेवल पार्किंग,

  • 298 कार पार्किंग की होगी सुविधा,महापौर बाघमार ने किया स्थल निरीक्षण

दुर्ग/ 13 मई/ पुराना बस स्टैंड स्थित इंदिरा मार्केट में 17.35 करोड़ की लागत से बनेगा मल्टीलेवल पार्किंग जिसके लिए महापौर अलका बाघमार ने निगम अधिकारियों के साथ स्थल निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान महापौर ने अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसी को निर्देशित करते हुए कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य प्रारंभ कर गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य पूर्ण कराया जाए ताकि शहरवासियों को शीघ्र बेहतर पार्किंग सुविधा उपलब्ध हो सके।

इस दौरान महापौर अलका बाघमार ने कहा कि शहर में लगातार बढ़ते यातायात एवं बाजार क्षेत्र में पार्किंग की समस्या को देखते हुए मल्टीलेवल पार्किंग परियोजना अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस परियोजना के पूर्ण होने से इंदिरा मार्केट एवं पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुगम होगी तथा आम नागरिकों, व्यापारियों एवं बाहर से आने वाले लोगों को व्यवस्थित पार्किंग सुविधा मिल सकेगी।

उन्होंने कहा कि निगम द्वारा शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार एवं यातायात सुधार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। मल्टीलेवल पार्किंग बनने से सड़क किनारे अव्यवस्थित पार्किंग पर नियंत्रण लगेगा तथा बाजार क्षेत्र में जाम की स्थिति से भी राहत मिलेगी।

प्रस्तावित मल्टीलेवल पार्किंग परियोजना बेसमेंट, ग्राउंड एवं दो फ्लोर सहित निर्मित की जाएगी।

परियोजना में लगभग 298 कार पार्किंग क्षमता विकसित की जाएगी। इसके अतिरिक्त परिसर में 11 दुकानों का भी निर्माण किया जाएगा, जिससे नागरिक सुविधाओं के साथ व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

17 करोड़ 35 लाख रुपए की लागत से बनने वाली इस परियोजना की निर्माण अवधि 18 माह निर्धारित की गई है। निरीक्षण के दौरान महापौर ने अधिकारियों को तकनीकी गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर, शेखर चन्द्राकर, ज्ञानेश्वर ताम्रकर,निलेश अग्रवाल,हर्षिका संभव जैन,कार्यपालन अभियंता प्रकाश चंद थवानी,राजेन्द्र ढबाले,पंकज साहू,सिद्धार्थ साहू सहित ठेकेदार सहित निगम के संबंधित अधिकारी, लोककर्म विभाग के कर्मचारी एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *