जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में बादल फटने की घटना, लोगों में मची अफरा-तफरी

किश्तवाड़ (जम्मू-कश्मीर)। जिले में मंगलवार को बादल फटने की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आईं, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह है कि शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार किसी भी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।

केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि उन्होंने किश्तवाड़ के उपायुक्त पंकज शर्मा से बात की है। पहली घटना सारथन के गहान इलाके में जबकि दूसरी माचीपाल क्षेत्र में हुई है।

अतिरिक्त उपायुक्त पवन कोटवाल ने भी पुष्टि की है कि अब तक किसी के घायल होने या संपत्ति को नुकसान पहुंचने की कोई सूचना नहीं मिली है। हालांकि कुछ क्षेत्रों में सड़कों के अवरुद्ध होने की जानकारी सामने आई है।

प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्यों के लिए जिला रेड क्रॉस, पुलिस और राजस्व विभाग की टीमें तुरंत मौके पर भेज दी हैं। प्रभावित इलाकों में स्थिति का आकलन किया जा रहा है और सड़कें खोलने के लिए मशीनरी एवं कर्मियों को तैनात किया गया है।

जिला प्रशासन ने आपदा प्रबंधन, पुलिस और अन्य विभागों को अलर्ट पर रखते हुए निगरानी बढ़ा दी है। मोबाइल गश्ती दल लगातार प्रभावित और आसपास के क्षेत्रों में स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *