भिलाई में देर रात डकैती,मरौदा की बीआरपी कॉलोनी में 60 हजार की लूट

  • ठेका श्रमिक पर नकाबपोश बदमाशों ने किया जानलेवा हमला

भिलाईनगर, 16 जून:भिलाई के मरौदा स्थित बीआरपी कॉलोनी में रविवार देर रात अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने एक सूने घर में घुसकर दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया है। बदमाशों ने भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) के एक ठेका श्रमिक युवक के सिर पर भारी वस्तु से हमला कर उसे बेहोश कर दिया, उसके मुंह में कपड़ा ठूंसा और घर में रखी नगदी सहित करीब 60 हजार रुपये के माल पर हाथ साफ कर फरार हो गए। इस सनसनीखेज घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है।

दीवार फांदकर अंदर पहुंचे पिता, बरामदे में बेहोश मिला बेटा

मिली जानकारी के अनुसार, बीआरपी कॉलोनी स्टेशन मरौदा निवासी एक श्रमिक अपने पुत्र रावेन्द्र सिंह के साथ रहते हैं। उनकी पत्नी और बेटी करीब एक महीने से अपने गृह ग्राम बरहटा (कटनी, म.प्र.) गई हुई हैं। पिता जामुल के एसीसी प्लांट में काम करते हैं, जबकि बेटा रावेन्द्र बीएसपी में ठेका श्रमिक है। 14 जून की रात रावेन्द्र सेकंड शिफ्ट की ड्यूटी कर घर लौटा था, जिसके बाद रात करीब 10 बजे उसके पिता अपनी नाइट ड्यूटी पर चले गए। 15 जून की सुबह जब पिता घर लौटे, तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज लगाने पर भी जब कोई जवाब नहीं मिला, तो उन्होंने अनहोनी की आशंका में दीवार फांदकर भीतर प्रवेश किया। अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए; बेटा रावेन्द्र बरामदे में लहूलुहान और बेहोश पड़ा था और उसके मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था।

आवाज सुनकर जागा था युवक, बदमाशों ने सिर पर किया वार

परिजनों ने आनन-फानन में रावेन्द्र को अस्पताल पहुंचाया। होश में आने पर पीड़ित ने बताया कि रात करीब 2 बजे घर में कुछ खटपट की आवाज सुनकर उसकी आंख खुली थी। जब वह देखने गया, तो घर के अंदर 3 से 4 अज्ञात नकाबपोश बदमाश घुसे हुए थे। रावेन्द्र ने जब उनका विरोध करने की कोशिश की, तो बदमाशों ने उसके सिर पर किसी भारी चीज से जोरदार हमला कर दिया, जिससे वह वहीं गिरकर बेहोश हो गया। इसके बाद बदमाशों ने बेडरूम में रखी लोहे की पेटी का ताला तोड़ा और उसमें रखे चांदी का करधन, एक जोड़ी चांदी की पायल तथा ₹30,000 नगद लेकर चंपत हो गए। पुलिस आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *