मुंबई: कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट के बीच गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 217 अंक (0.28 प्रतिशत) की बढ़त के साथ 77,139 पर और निफ्टी 74 अंक (0.31 प्रतिशत) चढ़कर 24,074 पर कारोबार करता दिखाई दिया।
बाजार की तेजी में सबसे बड़ा योगदान आईटी सेक्टर का रहा। निफ्टी आईटी इंडेक्स 2 प्रतिशत से अधिक की बढ़त के साथ टॉप गेनर रहा। इसके अलावा निफ्टी मेटल, ऑटो, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, रियल्टी, इंडिया डिफेंस, सर्विसेज, पीएसयू बैंक और कमोडिटीज इंडेक्स भी हरे निशान में कारोबार करते दिखे। वहीं, निफ्टी एनर्जी, पीएसई, इंफ्रा, ऑयल एंड गैस और मीडिया इंडेक्स में हल्की कमजोरी दर्ज की गई।
लार्जकैप शेयरों के साथ-साथ मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी खरीदारी का माहौल देखने को मिला। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 187 अंकों की बढ़त के साथ 62,196 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 86 अंक मजबूत होकर 19,018 पर कारोबार करता नजर आया।
सेंसेक्स के प्रमुख बढ़त वाले शेयरों में इंफोसिस, एचसीएल टेक, टीसीएस, टेक महिंद्रा, एचडीएफसी बैंक, टाइटन, कोटक महिंद्रा बैंक, सन फार्मा, टाटा स्टील, बजाज फिनसर्व, महिंद्रा एंड महिंद्रा, अदाणी पोर्ट्स, आईसीआईसीआई बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एशियन पेंट्स, आईटीसी और एसबीआई शामिल रहे। दूसरी ओर एनटीपीसी, पावर ग्रिड, बजाज फाइनेंस, भारती एयरटेल, ट्रेंट, एलएंडटी, बीईएल, मारुति सुजुकी, एक्सिस बैंक और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयरों में कमजोरी देखी गई।
विशेषज्ञों के अनुसार, बाजार में तेजी की बड़ी वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट है। ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स की कीमत घटकर 70.75 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई है। अमेरिका-ईरान शांति वार्ता की संभावनाओं के चलते बीते एक महीने में कच्चे तेल की कीमतों में करीब 25 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे भारतीय बाजार को सकारात्मक समर्थन मिला है।
हालांकि, वैश्विक बाजारों का रुख मिला-जुला रहा। टोक्यो, शंघाई, बैंकॉक और सोल के बाजार गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे, जबकि हांगकांग और जकार्ता के बाजारों में तेजी देखी गई। वहीं, अमेरिकी शेयर बाजार बुधवार को हल्की गिरावट के साथ बंद हुए, जहां डॉव जोन्स 0.03 प्रतिशत और नैस्डैक 0.66 प्रतिशत कमजोर रहा।