इस्लामाबाद। पाकिस्तान का एक कार्गो विमान अरब सागर के ऊपर उड़ान के दौरान लापता हो गया। विमान में पांच लोग सवार थे। पाकिस्तान के सिविल एविएशन अथॉरिटी (CAA) ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि विमान की तलाश के लिए खोज एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, K2 एयरवेज का बोइंग 737 कार्गो विमान संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के शारजाह से कराची आ रहा था। मंगलवार देर रात कराची तट के निकट अरब सागर के ऊपर उड़ान के दौरान विमान ने नेविगेशन सिस्टम में तकनीकी खराबी की सूचना एयर ट्रैफिक कंट्रोल को दी।
बताया गया कि स्थानीय समयानुसार रात 9:18 बजे विमान से तकनीकी समस्या की जानकारी मिली। इसके कुछ ही मिनट बाद रडार पर विमान तेजी से नीचे उतरता दिखाई दिया और उसकी दिशा में भी अचानक बदलाव दर्ज किया गया। करीब रात 9:21 बजे कराची से लगभग 155 नॉटिकल मील (करीब 287 किलोमीटर) पश्चिम में विमान का रडार और रेडियो संपर्क पूरी तरह टूट गया।
पाकिस्तान के सिविल एविएशन अथॉरिटी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में बताया कि विमान की तलाश के लिए खोज एवं बचाव अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है। हालांकि, विमान के लापता होने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
फिलहाल राहत एवं बचाव दल संभावित क्षेत्र में तलाशी अभियान चला रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही विमान के लापता होने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।