दुर्ग। जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गनियारी/पीपर छेड़ी स्थित शिवनाथ नदी में शनिवार को जन्मदिन मनाने गए दोस्तों के साथ बड़ा हादसा हो गया। नदी में नहाने के दौरान तेज बहाव की चपेट में आने से दो किशोर बह गए। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टीम ने गहरे पानी में डीप डाइविंग कर एक किशोर का शव बरामद कर पुलिस को सौंप दिया, जबकि दूसरे बालक की तलाश देर शाम तक जारी रही।
जानकारी के अनुसार, जन्मदिन मनाने के लिए आठ दोस्त शिवनाथ नदी पहुंचे थे। सभी नदी में नहा रहे थे, तभी तेज बहाव के कारण दो किशोर पानी में बह गए। घटना की सूचना कंट्रोल रूम के माध्यम से एसडीआरएफ को दी गई।
जिला सेनानी दिनेश कुमार रावटे के निर्देश पर प्रभारी धनीराम यादव के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम तत्काल घटनास्थल पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। टीम के जवानों ने गहरे पानी में लगातार सर्चिंग की, जिसमें एक किशोर का शव बरामद कर लिया गया।

मृतक की पहचान रेहान खान (14 वर्ष), पिता नदीम खान, निवासी बॉम्बे आवास, उरला के रूप में हुई है। वहीं दूसरे लापता किशोर की तलाश एसडीआरएफ और पुलिस की टीम द्वारा लगातार की जा रही है।
रेस्क्यू अभियान में एसडीआरएफ के जवान भूपेंद्र सिंह, चंद्रप्रताप, राजकुमार यादव, दिलीप, सूरज, राजू महानंद, महेश, रमेश, राजेश नेताम, कुंजेश, दिनेश, शारदा और भानुप्रताप शामिल रहे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।