नई दिल्ली। केंद्र सरकार के साथ तीसरे दौर की बातचीत सफल रहने के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने अपना आंदोलन तत्काल प्रभाव से वापस लेने का ऐलान कर दिया है। पार्टी का कहना है कि सरकार ने उसकी तीनों प्रमुख मांगें स्वीकार कर ली हैं, जिसके बाद आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया गया।
संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने देशभर में प्रदर्शन कर रहे समर्थकों से शांतिपूर्वक अपने-अपने घर लौटने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार के साथ सकारात्मक बातचीत हुई है और पार्टी की सभी प्रमुख मांगों पर सहमति बन गई है।
रांका ने बताया कि पार्टी ने अपना डिमांड चार्टर सरकार के प्रतिनिधियों को सौंप दिया है। इस पर आगे की कार्यवाही के लिए अगले चार सप्ताह के भीतर सरकार के साथ एक और बैठक होगी। उन्होंने कहा कि भविष्य की रणनीति की जानकारी भी जल्द ही समर्थकों के साथ साझा की जाएगी।
इधर, आंदोलन वापस लेने के फैसले के बाद दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने सुरक्षा कारणों से बंद किए गए सभी 18 मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश द्वार शनिवार शाम फिर से खोल दिए। डीएमआरसी ने शाम 6:22 बजे जानकारी दी कि अब दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के सभी स्टेशन आम यात्रियों के लिए पूरी तरह से खोल दिए गए हैं।
खोले गए प्रमुख स्टेशनों में लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम, झंडेवालान और नई दिल्ली शामिल हैं।
सरकार और कॉकरोच जनता पार्टी के बीच बनी सहमति के बाद राजधानी दिल्ली सहित अन्य स्थानों पर चल रहा आंदोलन फिलहाल समाप्त हो गया है, जिससे आम लोगों और यात्रियों को बड़ी राहत मिली है।