छत्तीसगढ़ को बड़ी सौगात देने आ रहे शिवराज सिंह चौहान, लाखों परिवारों को मिलेगी ‘खुशियों की चाबी’

रायपुर/सक्ती। छत्तीसगढ़ में ग्रामीण विकास, आवास, आजीविका संवर्धन, महिला सशक्तिकरण और तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 11 सितंबर को सक्ती जिले के ग्राम जेठा स्थित कॉलेज ग्राउंड में बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि-किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल होंगे।

इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, विकसित भारत-जी राम जी और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं, अभियानों और पहलों का शुभारंभ किया जाएगा। कार्यक्रम में 122 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 39 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी होगा।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और अरुण साव, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू सहित राज्य सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, पंचायत प्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे।

2 लाख परिवारों को मिलेंगे पक्के घर

प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत राज्य में नवनिर्मित 2 लाख आवासों के हितग्राहियों का गृह प्रवेश कराया जाएगा। इस अवसर पर हितग्राहियों को प्रतीकात्मक रूप से ‘खुशियों की चाबी’ प्रदान की जाएगी। इससे बड़ी संख्या में ग्रामीण परिवारों के पक्के घर का सपना पूरा होगा।

AI आधारित जियो-टैग सत्यापन प्रणाली होगी शुरू

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत AI आधारित जियो-टैग सत्यापन और सेल्फ जियो-टैग रिपोर्ट प्रणाली का शुभारंभ किया जाएगा। इस तकनीकी व्यवस्था से आवास निर्माण की निगरानी और सत्यापन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।

जलधाराओं के पुनर्जीवन के लिए दो अभियान

विकसित भारत-जी राम जी के तहत ‘धार अपार अभियान’ की शुरुआत होगी। इसका उद्देश्य नदियों और उनकी सहायक जलधाराओं के पुनरुद्धार, संरक्षण और पुनर्जीवन को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाना है।

इसके साथ ही ‘सुघ्घर बाड़ी’ अभियान भी शुरू किया जाएगा। इसके तहत निजी और सामुदायिक भूमि पर वृक्षारोपण को बढ़ावा देने के साथ ग्रामीण परिवारों के लिए आय के स्थायी स्रोत विकसित करने पर जोर दिया जाएगा।

270 नए इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टर

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत 270 नए इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टर (IFC) का विमोचन किया जाएगा। इन क्लस्टरों के जरिए ग्रामीण परिवारों की कृषि आधारित आजीविका को मजबूत और विविध बनाने का प्रयास होगा। कृषि से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों को एकीकृत कर ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने और टिकाऊ रोजगार के अवसर विकसित करने पर जोर रहेगा।

ग्रामीण महिलाओं को मिलेगा उद्यमिता का अवसर

कार्यक्रम में ‘अथ उद्यम-आजीविका से उद्यमिता की ओर’ पहल के तहत चैलेंज फंड इवेंट का शुभारंभ किया जाएगा। इसका उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आजीविका गतिविधियों से आगे बढ़ाकर उद्यमिता के अवसरों से जोड़ना है।

इस अवसर पर ग्रामीण आजीविका और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली रानी मिस्त्री, लखपति दीदियों और ड्रोन दीदियों को सम्मानित किया जाएगा। इससे ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भरता और उद्यमिता के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।

5 उत्कृष्ट पंचायतों के प्रतिनिधि होंगे सम्मानित

पंचायत एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली राज्य की 5 पंचायतों के जनप्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया जाएगा। वहीं, कार्यक्रम के दौरान 122 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 39 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया जाएगा। इन परियोजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं और विकास गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *