डॉ. अंबेडकर प्रतिमा अपमान के विरोध में बाजार और सरकारी दफ्तर बंद रखने का ऐलान

जालंधर। लुधियाना में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के अपमान के विरोध में दलित समाज ने आज जालंधर बंद का आह्वान किया है। भगवान वाल्मीकि शक्ति क्रांति सेना पंजाब के अध्यक्ष राजीव गोरा और भीम क्रांति सेना के अध्यक्ष गौरव वाल्मीकि ने बंद का ऐलान किया है।

राजीव गोरा के मुताबिक, सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक शहर की विभिन्न मार्केट, रेहड़ी-फड़ी, सरकारी दफ्तर और बैंक बंद करवाए जाएंगे। आम लोगों की परेशानी को देखते हुए प्रदर्शन के दौरान हाईवे जाम नहीं किया जाएगा। वहीं, आपातकालीन सेवाओं को ध्यान में रखते हुए अस्पताल और मेडिकल स्टोर खुले रहने की संभावना है। बच्चों की परीक्षाओं को देखते हुए स्कूल-कॉलेजों को बंद के दायरे से बाहर रखा गया है।

अंबेडकर चौक पर होगा मुख्य धरना

बंद के दौरान जालंधर के डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक पर मुख्य धरना दिया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न संगठनों के सदस्य शहर के बाजारों में जाकर दुकानदारों से बंद में सहयोग करने की अपील करेंगे।

राजीव गोरा ने दावा किया कि शहर के प्रमुख रैनक बाजार के व्यापारियों ने बंद को समर्थन देने की बात कही है। उन्होंने अन्य बाजारों के दुकानदारों से भी अपनी दुकानें बंद रखकर बंद को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की है।

लुधियाना में पुलिस ने बुलाई बैठक

वहीं, लुधियाना में डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा के अपमान के मामले को लेकर आज सुबह 11 बजे पुलिस लाइन में बैठक बुलाई गई है। पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा दलित समाज के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे।

पुलिस का कहना है कि मामले को जल्द सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने यह भी भरोसा दिलाया है कि जांच में जो भी व्यक्ति आरोपी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *