ओआरएस की आड़ में शराब का खेल, 1074 लीटर विदेशी शराब के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार

पूर्णिया। बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। तस्कर पुलिस की नजरों से बचने के लिए नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं। पूर्णिया में अब ओआरएस यानी हाइड्रेशन ड्रिंक की आड़ में विदेशी शराब की बड़ी खेप ले जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्रक से 1074.6 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि एक ट्रक असम से शराब की खेप लेकर पूर्णिया के रास्ते समस्तीपुर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने जीरो माइल शीशाबाड़ी मस्जिद के पास घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया। ट्रक में चालक सहित तीन लोग सवार थे। पूछताछ में आरोपियों ने ट्रक में एप्पल हाइड्रेशन ड्रिंक होने की जानकारी दी। संदेह होने पर पुलिस ने ट्रक की विधिवत तलाशी ली, जिसमें हाइड्रेशन ड्रिंक की आड़ में छिपाकर रखी गई विदेशी शराब का खुलासा हुआ।

तलाशी के दौरान ट्रक से विभिन्न ब्रांड की 110 पेटी विदेशी शराब बरामद हुई। इसकी कुल मात्रा 1074.6 लीटर बताई गई है। इसके अलावा ट्रक में 1100 पेटी एप्पल हाइड्रेशन ड्रिंक भी मिली, जिसकी कुल मात्रा करीब 17,820 लीटर है।

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बरामद शराब समस्तीपुर निवासी नीतीश कुमार की होने की बात बताई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ट्रक चालक सह मालिक भूषण राय, प्रमोद राय और नीलेश कुमार के रूप में हुई है। तीनों समस्तीपुर जिले के हलई थाना क्षेत्र के चकजलाल गांव के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस अब शराब तस्करी के इस नेटवर्क की पूरी कड़ी खंगालने में जुटी है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब की खेप कहां से मंगाई गई थी और इसे समस्तीपुर में किसके पास पहुंचाया जाना था। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *