फ्रिज में धमाके से मचा हड़कंप, घर में भड़की भीषण आग; परिवार के 4 लोग जिंदा जले

कर्नाटक। बेलगावी शहर में गणेश चतुर्थी के दिन सोमवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के चार सदस्यों की जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना चवहत गली इलाके में हुई, जो मार्केट पुलिस स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत आता है। हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

फ्रिज में धमाके के बाद घर में लगी आग

जानकारी के अनुसार, परिवार के सदस्य रात के समय घर के अंदर मौजूद थे। इसी दौरान घर में रखे फ्रिज में अचानक धमाका हुआ। धमाके के बाद फ्रिज में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।

आग इतनी तेजी से फैली कि घर में मौजूद लोगों को बाहर निकलने का पर्याप्त मौका नहीं मिल सका। कई लोग आग की चपेट में आ गए और झुलसने से उनकी मौत हो गई।

मृतकों की पहचान

हादसे में मरने वालों की पहचान गजानन डमोने (65), रोशन डमोने (21), शारदा डमोने (45) और भारती राडमोने (50) के रूप में हुई है।

वहीं प्रिया डमोने (28) और गंगा डमोने (25) गंभीर रूप से घायल हुई हैं। दोनों का निजी अस्पताल में इलाज जारी है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस और दमकल टीम ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद घर के अंदर तलाशी ली गई, जिसमें चार लोगों के शव बरामद हुए।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद परिवार और आसपास के इलाके में मातम पसरा हुआ है।

आग लगने के कारणों की जांच जारी

बताया जा रहा है कि मृतक परिवार दिहाड़ी मजदूरी कर अपना जीवन-यापन करता था। गणेश चतुर्थी के दिन हुए इस हादसे से इलाके के लोग गमगीन हैं।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में फ्रिज में धमाके के बाद आग लगने की बात सामने आई है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारण और फ्रिज में धमाके की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *