गुवाहाटी। असम के गुवाहाटी में पत्नी की हत्या के आरोपी रामानुज गोस्वामी की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, सोमवार तड़के मेडिकल जांच के लिए ले जाते समय आरोपी ने पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की। उसे रोकने के दौरान पुलिस ने गोली चलाई, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, रामानुज पर अपनी 25 वर्षीय पत्नी रिया तालुकदार की हत्या का आरोप था। यह मामला 6 सितंबर को सामने आया था। गुवाहाटी के एक अपार्टमेंट में रहने वाले दंपती को पड़ोसियों ने करीब दो दिनों से नहीं देखा था। दोनों के मोबाइल फोन भी बंद थे। इसी दौरान फ्लैट से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी।
दरवाजा तोड़कर फ्लैट में पहुंची पुलिस
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। दरवाजा खटखटाने और आवाज देने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर पुलिस ने फ्लैट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। पुलिस के अनुसार, अंदर एक महिला का शव मिला, जिसकी हालत काफी खराब थी। महिला की कुछ उंगलियां कटी हुई थीं और सिर धड़ से अलग था।
फ्रिज से बरामद हुआ महिला का सिर
पुलिस ने फ्लैट की तलाशी ली तो फ्रिज के अंदर पॉलीथिन में महिला का कटा हुआ सिर बरामद हुआ। बाद में शव की पहचान 25 वर्षीय रिया तालुकदार के रूप में की गई। पुलिस के अनुसार, रिया और रामानुज की शादी कुछ महीने पहले ही हुई थी। शव मिलने के बाद रामानुज फरार था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
पुलिस के मुताबिक, रामानुज ने रविवार देर रात पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया था। इसके बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
मेडिकल जांच के दौरान भागने का दावा
पुलिस के अनुसार, सोमवार तड़के करीब 2 बजे हाटीगांव पुलिस की टीम रामानुज को मेडिकल जांच के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जा रही थी। इसी दौरान नरकासुर पहाड़ी के पास आरोपी पुलिस वाहन से कूदकर भागने लगा।
पुलिस का दावा है कि उसे रोकने की कोशिश के दौरान गोली चलाई गई। गोली लगने से रामानुज गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में नरकासुर पहाड़ी रोड पर उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।