लश्कर-ए-तैयबा को बड़ा झटका, हाफिज सईद के करीबी आतंकी की गोली मारकर हत्या

कराची। पाकिस्तान के कराची में कुख्यात आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा को बड़ा झटका लगने की खबर सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लश्कर सरगना हाफिज सईद के एक करीबी आतंकी की अज्ञात हमलावरों ने दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात का एक वीडियो भी सामने आने का दावा किया जा रहा है। घटना के बाद पाकिस्तानी सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है।

घर के बाहर बैठे आतंकी पर अंधाधुंध फायरिंग

शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, हाफिज सईद का करीबी आतंकी अपने घर के दरवाजे के पास बैठा हुआ था। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोश हमलावर वहां पहुंचे और उस पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। अचानक हुए हमले में आतंकी को संभलने तक का मौका नहीं मिला। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर उसका निजी हथियार लेकर मौके से फरार हो गए।

पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पाकिस्तानी पुलिस और खुफिया एजेंसियों के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की गई। अधिकारियों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और हमलावरों के भागने के रास्तों की पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।

हालांकि, अब तक मारे गए आतंकी के नाम और लश्कर-ए-तैयबा में उसके आधिकारिक पद को लेकर कोई औपचारिक पुष्टि नहीं हुई है। सुरक्षा एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि हत्या के पीछे किसी प्रतिद्वंद्वी आतंकी गुट की आपसी रंजिश थी या फिर यह किसी सुनियोजित हमले का हिस्सा था।

पाकिस्तान में भारत विरोधी आतंकियों पर बढ़ता खतरा

कराची की इस घटना को पाकिस्तान में छिपे भारत विरोधी आतंकियों के खिलाफ हो रही चुनिंदा हत्याओं की कड़ी के तौर पर देखा जा रहा है। वर्ष 2020 के बाद से पाकिस्तान के अलग-अलग शहरों में अज्ञात हमलावरों द्वारा आतंकियों को निशाना बनाए जाने की कई खबरें सामने आई हैं।

इन घटनाओं में आतंकी संगठनों से जुड़े लोगों की हत्या के दावे किए जाते रहे हैं। लगातार सामने आ रही ऐसी वारदातों से पाकिस्तान में सक्रिय आतंकी नेटवर्क की सुरक्षा और आपसी गुटबाजी को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *