नई दिल्ली। पिछले साल गुजरात के अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया विमान हादसे की जांच अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। 260 लोगों की जान लेने वाली इस भीषण दुर्घटना की असली वजह का खुलासा अगले छह सप्ताह में होने की उम्मीद है। एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) ने सुप्रीम कोर्ट में दायर हलफनामे में बताया है कि जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और सभी प्रक्रियाएं समय पर पूरी होने पर अक्टूबर 2026 तक ड्राफ्ट फाइनल रिपोर्ट तैयार कर ली जाएगी।
AAIB ने अदालत को बताया कि हादसे की गंभीरता, बड़े पैमाने और तकनीकी जटिलताओं के कारण जांच में अपेक्षा से अधिक समय लगा। फिलहाल तकनीकी साक्ष्यों, रिकॉर्डिंग और अन्य महत्वपूर्ण सबूतों का विस्तृत विश्लेषण किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद अंतिम रिपोर्ट तैयार कर संबंधित प्रक्रिया के अनुसार जारी की जाएगी।
हलफनामे में ब्यूरो ने यह भी स्पष्ट किया कि विमान के कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (CVR) की ऑडियो रिकॉर्डिंग और विमान के भीतर की तस्वीरों को सार्वजनिक नहीं किया जाएगा। भारतीय कानून और अंतरराष्ट्रीय विमानन मानकों के तहत इन सामग्रियों को गोपनीय रखा जाता है, ताकि जांच निष्पक्ष, स्वतंत्र और बिना किसी बाहरी दबाव के पूरी हो सके।
गौरतलब है कि जून 2025 में एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 ने अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरी थी। टेकऑफ के कुछ ही सेकंड बाद विमान के इंजन के फ्यूल कंट्रोल स्विच बंद हो गए, जिसके बाद विमान एयरपोर्ट के पास स्थित एक मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
इस भीषण हादसे में विमान में सवार 242 लोगों में से 241 यात्रियों और क्रू सदस्यों की मौत हो गई थी, जबकि हॉस्टल में मौजूद 19 अन्य लोगों ने भी जान गंवाई। इस तरह हादसे में कुल 260 लोगों की मौत हुई। अब पीड़ित परिवारों और देशभर की निगाहें AAIB की अंतिम जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है।