चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर जारी सियासी हलचल के बीच पार्टी के पंजाब प्रभारी और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रदेश नेतृत्व में कोई बदलाव नहीं होने जा रहा है और नेतृत्व परिवर्तन कोई “गुड्डे-गुड़िया का खेल” नहीं है।
दरअसल, पंजाब कांग्रेस में बढ़ते विवाद के बीच कांग्रेस हाईकमान ने भूपेश बघेल को मंगलवार देर रात रायपुर से तत्काल दिल्ली तलब किया। जानकारी के मुताबिक, बघेल ने बुधवार सुबह दिल्ली पहुंचने का आग्रह किया था, लेकिन पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर उन्हें मंगलवार रात ही दिल्ली रवाना होना पड़ा।
दिल्ली पहुंचने के बाद मीडिया से बातचीत में भूपेश बघेल ने बताया कि उन्होंने पंजाब के मौजूदा राजनीतिक हालात पर अपनी रिपोर्ट कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल को सौंप दी है। उन्होंने कहा कि अब पंजाब कांग्रेस को लेकर अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान ही करेगा।
बुधवार को केसी वेणुगोपाल के आवास पर पंजाब कांग्रेस के मुद्दों को लेकर अहम बैठक हुई। इस दौरान पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा भी वेणुगोपाल से मिलने पहुंचे। वहीं, सूत्रों के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और उनके समर्थक भी दिल्ली पहुंच रहे हैं।
बताया जा रहा है कि गुरुवार को चरणजीत सिंह चन्नी की कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ बैठक हो सकती है। इस बैठक में पंजाब कांग्रेस के संगठन, नेतृत्व और मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है। ऐसे में पार्टी के आगामी फैसले पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।