नई दिल्ली। थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI2379 मंगलवार को उड़ान के दौरान अचानक भीषण टर्बुलेंस (हवा के तेज झटकों) की चपेट में आ गई। खराब मौसम के कारण विमान में जोरदार झटके महसूस किए गए, जिससे कई यात्री और क्रू मेंबर घायल हो गए। हालांकि पायलट की सतर्कता से विमान की सुबह करीब 8:30 बजे दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग करा ली गई।
घटना के तुरंत बाद घायल यात्रियों और क्रू मेंबर्स को प्राथमिक चिकित्सा दी गई। कुछ घायलों को आगे के इलाज के लिए गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल, वसंत कुंज स्थित फोर्टिस अस्पताल और स्पाइन इंजरी सेंटर भेजा गया। एयर इंडिया ने घटना की आधिकारिक पुष्टि करते हुए कहा कि सभी प्रभावित यात्रियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
अचानक तेज झटकों से मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शी यात्रियों के अनुसार, उड़ान के करीब डेढ़ घंटे बाद विमान अचानक तेज टर्बुलेंस में फंस गया। करीब दो से तीन मिनट तक विमान हवा में जोरदार हिचकोले खाता रहा, जिससे केबिन में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई यात्रियों को सीटों से झटके लगे और कुछ के हाथ, गर्दन व चेहरे पर चोटें आईं। दिल्ली एयरपोर्ट पर घायल यात्रियों को व्हीलचेयर और एंबुलेंस की मदद से बाहर निकाला गया।
एयर इंडिया का बयान
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि फ्लाइट AI2379 को उड़ान के दौरान कुछ समय के लिए टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा था। इसके कारण विमान की ऊंचाई में अचानक बदलाव आया, लेकिन पायलट ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए विमान को सुरक्षित रूप से दिल्ली एयरपोर्ट पर उतार लिया।
एयरलाइन के अनुसार, किसी भी यात्री या क्रू मेंबर को गंभीर चोट नहीं आई है। मामूली रूप से घायल लोगों का एयरपोर्ट मेडिकल टीम द्वारा तुरंत उपचार कराया गया और जरूरतमंदों को अस्पताल भेजा गया। एयर इंडिया ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।