कॉल ड्रॉप और खराब नेटवर्क से मिलेगी राहत, TRAI ने लॉन्च किया नया ‘MyCall’ ऐप

नई दिल्ली। अगर आप भी कॉल ड्रॉप, आवाज कटने, क्रॉस कनेक्शन या खराब नेटवर्क जैसी समस्याओं से परेशान हैं, तो अब शिकायत दर्ज कराना पहले से कहीं अधिक आसान हो गया है। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) ने अपने ‘MyCall’ ऐप को नए और उन्नत फीचर्स के साथ दोबारा लॉन्च किया है। इस ऐप के जरिए मोबाइल उपभोक्ता अपनी कॉलिंग से जुड़ी समस्याओं की सीधे शिकायत दर्ज कर सकेंगे, जिससे टेलीकॉम सेवाओं में सुधार की प्रक्रिया को गति मिलेगी।

1 से 5 स्टार तक दें रेटिंग, तुरंत दर्ज करें शिकायत

TRAI के चेयरमैन अनिल कुमार लाहोटी ने ऐप लॉन्च करते हुए कहा कि ‘MyCall’ उपभोक्ताओं के लिए एक प्रभावी फीडबैक प्लेटफॉर्म साबित होगा। नए इंटरफेस के साथ यूजर्स अब अपनी हालिया वॉयस कॉल को 1 से 5 स्टार तक रेटिंग दे सकते हैं। इसके अलावा कॉल ड्रॉप, आवाज गूंजना, ऑडियो में देरी, आवाज कटना और क्रॉस कनेक्शन जैसी समस्याओं की जानकारी भी तुरंत दर्ज की जा सकेगी।

इससे यह पता लगाने में आसानी होगी कि किस क्षेत्र में नेटवर्क संबंधी समस्याएं अधिक हैं और किन इलाकों में सुधार की आवश्यकता है।

टेलीकॉम कंपनियों तक पहुंचेगा फीडबैक

TRAI के अनुसार, ऐप के माध्यम से प्राप्त सभी फीडबैक संबंधित टेलीकॉम कंपनियों जैसे Jio, Airtel और Vi के साथ साझा किए जाएंगे। कंपनियां इन शिकायतों का विश्लेषण कर नेटवर्क की खामियों को दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाएंगी।

नियामक ने देशभर के मोबाइल उपभोक्ताओं से Google Play Store से MyCall ऐप डाउनलोड कर हर कॉल के बाद अपना अनुभव साझा करने की अपील की है। TRAI का कहना है कि जितने अधिक लोग इस प्लेटफॉर्म का उपयोग करेंगे, उतना ही सटीक डेटा उपलब्ध होगा और भविष्य में मोबाइल नेटवर्क एवं कॉलिंग सेवाओं की गुणवत्ता को बेहतर बनाया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *