अक्षय तृतीया 2026: इन चीजों की खरीदारी से घर में आएगी सुख-समृद्धि

akshaya tritiya 2026। इस वर्ष अक्षय तृतीया का पावन पर्व 19 अप्रैल को मनाया जा रहा है। हिंदू धर्म में इस दिन को अत्यंत शुभ माना जाता है। इसे ‘अबूझ मुहूर्त’ कहा जाता है, यानी इस दिन बिना किसी विशेष मुहूर्त के विवाह, गृह प्रवेश, नया व्यापार या अन्य शुभ कार्य किए जा सकते हैं।

मान्यता है कि इस दिन किए गए शुभ कार्यों का फल अक्षय यानी कभी समाप्त न होने वाला होता है। यही वजह है कि अक्षय तृतीया को साल के सबसे शुभ दिनों में गिना जाता है। इस दिन भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा करने से धन, सुख और समृद्धि की प्राप्ति होती है।

इन चीजों की खरीदारी मानी जाती है शुभ
अक्षय तृतीया के अवसर पर कुछ विशेष वस्तुओं की खरीदारी को बेहद लाभकारी माना गया है। मान्यता के अनुसार मिट्टी के बर्तन खरीदने से जीवन में आने वाली बाधाएं दूर होती हैं। रूई खरीदना लक्ष्मी कृपा दिलाने वाला माना जाता है। हल्दी की गांठ लेने से जीवन में स्थिरता आती है, जबकि पीली सरसों और पीली कौड़ी सकारात्मक ऊर्जा और धन वृद्धि का संकेत देती हैं।

इसके अलावा तांबा खरीदने से मान-सम्मान में वृद्धि होती है। कमलगट्टा (कमल के बीज) को तिजोरी में रखने से आर्थिक तंगी दूर होती है और कर्ज से मुक्ति मिलने की भी मान्यता है।

इन चीजों की खरीदारी से करें परहेज
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन कुछ वस्तुओं को खरीदने से बचना चाहिए। लोहे और स्टील के सामान, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, धारदार औजार और तेल खरीदना अशुभ माना जाता है। इसके साथ ही काले कपड़े, प्लास्टिक की वस्तुएं और झाड़ू खरीदने से भी बचने की सलाह दी जाती है, क्योंकि इन्हें नकारात्मकता और आर्थिक हानि से जोड़ा जाता है।

अक्षय तृतीया के दिन श्रद्धा और नियमों के साथ किए गए कार्य जीवन में सुख-समृद्धि और सफलता का मार्ग प्रशस्त करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *