सूरत : सूरत में औद्योगिक गतिविधियों पर पड़ रहे असर और प्रवासी मजदूरों की बढ़ती वापसी ने शहर के रेलवे स्टेशनों पर भारी दबाव बना दिया है। हालात ऐसे हो गए हैं कि उधना रेलवे स्टेशन पर रविवार को अचानक हजारों यात्रियों की भीड़ जमा हो गई, जिससे व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई।
उत्तर प्रदेश और बिहार की ओर जाने वाली ट्रेनों में सीट पाने के लिए सुबह से ही यात्रियों की लंबी कतारें लग गई थीं। देखते ही देखते भीड़ इतनी बढ़ गई कि स्टेशन परिसर में अव्यवस्था फैल गई और हालात संभालने के लिए पुलिस तथा आरपीएफ को हस्तक्षेप करना पड़ा। भीड़ को नियंत्रित करने के दौरान हल्का बल प्रयोग भी किया गया, जिससे कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उधना-हसनपुर ट्रेन के लिए यात्रियों को लाइन में व्यवस्थित किया जा रहा था, तभी कुछ लोग आगे निकलने की कोशिश करने लगे, जिससे धक्का-मुक्की बढ़ गई और स्थिति बिगड़ गई। इस दौरान कई यात्रियों को रेलिंग और बैरिकेड्स पार करते हुए भी देखा गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
रेलवे प्रशासन ने जानकारी दी है कि दोपहर तक कई विशेष ट्रेनों के जरिए बड़ी संख्या में यात्रियों को उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया, लेकिन भीड़ इतनी अधिक थी कि नियंत्रण बनाए रखना मुश्किल हो गया। लगातार अनाउंसमेंट के जरिए यात्रियों से शांति बनाए रखने की अपील की जाती रही।
अधिकारियों का कहना है कि गर्मी की छुट्टियों के कारण हर साल यात्रियों की संख्या बढ़ती है, लेकिन इस बार औद्योगिक गतिविधियों में आई सुस्ती और प्रवासी मजदूरों की वापसी की वजह से दबाव और ज्यादा बढ़ गया है। इसी कारण रेलवे की व्यवस्था पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
स्थिति को सामान्य करने के लिए रेलवे ने अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया है और भीड़ पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।