नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने शनिवार को देश-विदेश यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि ‘एयर सुविधा 2.0’ के नाम पर चल रही फर्जी वेबसाइटों से सतर्क रहें। नागर विमानन मंत्रालय ने बताया कि कुछ नकली पोर्टल खुद को आधिकारिक वेबसाइट बताकर यात्रियों से व्यक्तिगत जानकारी लेने और भुगतान कराने की कोशिश कर रहे हैं।
मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि एयर सुविधा 2.0 की सभी सेवाएं पूरी तरह निशुल्क हैं और हेल्थ सेल्फ-डिक्लेरेशन फॉर्म भरने के लिए किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता। यात्रियों से अपील की गई है कि वे अपनी व्यक्तिगत या यात्रा संबंधी जानकारी साझा करने से पहले वेबसाइट का यूआरएल अच्छी तरह जांच लें और केवल आधिकारिक पोर्टल का ही उपयोग करें।
सरकार ने कहा कि एयर सुविधा 2.0 का एकमात्र आधिकारिक पोर्टल वही है जिसे नागर विमानन मंत्रालय ने जारी किया है। किसी भी अनधिकृत वेबसाइट या पेमेंट गेटवे पर भुगतान करने से बचें और केवल सरकारी सूचना पर ही भरोसा करें।
इबोला निगरानी के लिए शुरू किया गया पोर्टल
गौरतलब है कि पिछले महीने नागर विमानन मंत्रालय ने दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) के सहयोग से एयर सुविधा 2.0 लॉन्च किया था। यह पूरी तरह कॉन्टैक्टलेस हेल्थ सेल्फ-डिक्लेरेशन पोर्टल है, जिसे इबोला संक्रमण के बढ़ते खतरे को देखते हुए भारत के अंतरराष्ट्रीय प्रवेश बिंदुओं पर स्वास्थ्य निगरानी मजबूत करने के उद्देश्य से विकसित किया गया है।
रियल-टाइम डेटा शेयरिंग की सुविधा
सरकार के अनुसार, इस पोर्टल के जरिए यात्रियों का डेटा एयरपोर्ट हेल्थ ऑफिसर, ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन, इंटीग्रेटेड डिजीज सर्विलांस प्रोग्राम (IDSP) और स्टेट सर्विलांस ऑफिसर्स जैसी एजेंसियों के साथ रियल-टाइम में साझा किया जा सकेगा। इससे संक्रमण के जोखिम वाले यात्रियों की शीघ्र पहचान कर समय पर जांच और आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी कदम उठाए जा सकेंगे।
मंत्रालय ने बताया कि पूरी प्रक्रिया को डिजिटल और कॉन्टैक्टलेस बनाया गया है, जिससे भारत आने वाले यात्रियों को एयरपोर्ट पर किसी भी प्रकार का फिजिकल हेल्थ डिक्लेरेशन फॉर्म भरने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।