रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश से कई जिलों में जनजीवन प्रभावित हो गया है। बिलासपुर और जांजगीर-चांपा सहित कई क्षेत्रों में जलभराव और बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। सड़कों पर पानी भरने से आवागमन बाधित है, जबकि कई कॉलोनियों के घरों में भी पानी घुस गया है। इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य में अगले 24 घंटे के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार, मध्य और पूर्वी छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में तेज बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है। राजधानी रायपुर में भी गरज के साथ वर्षा का अनुमान जताया गया है। यहां अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें और नदी-नालों व जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें।
बलौदाबाजार में सामान्य से अधिक बारिश
भू-अभिलेख कार्यालय के अनुसार, 1 जून से 22 जुलाई 2026 तक बलौदाबाजार जिले में 493.2 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। सबसे अधिक वर्षा टुण्डरा तहसील में 700.5 मिमी, बलौदाबाजार में 626 मिमी और लवन में 508.9 मिमी रिकॉर्ड की गई। जिले में अब तक कुल 4438.6 मिमी वर्षा दर्ज की जा चुकी है।
कवर्धा में भी बारिश का सिलसिला जारी
कवर्धा जिले में 1 जून से अब तक 271.4 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। पिपरिया तहसील में सबसे अधिक 412.3 मिमी, जबकि कुकदूर में 374.4 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई है। पिछले 24 घंटों में जिले में 30.7 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई, जिसमें कवर्धा तहसील में सबसे अधिक 55.7 मिमी बारिश हुई।
रायगढ़ में 416.7 मिमी औसत वर्षा
रायगढ़ जिले में 22 जुलाई तक 416.7 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। बीते 24 घंटे में जिले में 63.4 मिमी औसत बारिश हुई। तमनार में 602.2 मिमी, रायगढ़ तहसील में 584.7 मिमी और कापू में 553.5 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है।
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने सभी जिला अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।