पेट्रोल ₹6.39 और डीजल ₹7.83 प्रति लीटर महंगा, जानिए आज आपके शहर में क्या है नया रेट

बिजनेस डेस्क अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी का असर अब पाकिस्तान के घरेलू ईंधन बाजार पर भी देखने को मिला है। हॉर्मूज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) से कच्चे तेल की आपूर्ति प्रभावित होने के बाद ब्रेंट क्रूड की कीमत करीब 96 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई है, जिसके चलते पाकिस्तान सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें 23 जुलाई से लागू हो गई हैं।

पेट्रोल ₹6.39 और डीजल ₹7.83 प्रति लीटर महंगा

सरकार की अधिसूचना के अनुसार, पेट्रोल की कीमत में 6.39 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर और हाई स्पीड डीजल (HSD) में 7.83 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। इसके बाद पाकिस्तान में पेट्रोल की नई कीमत 327.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 375.04 रुपये प्रति लीटर हो गई है।

इससे पहले जारी संशोधित दरों में पेट्रोल पर 35 पैसे की राहत दी गई थी, जबकि डीजल 5.71 रुपये प्रति लीटर महंगा हुआ था। इस तरह एक सप्ताह के भीतर डीजल की कीमत में कुल 13 रुपये से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

आज से लागू हुए नए रेट

पेट्रोलियम विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, नई कीमतें 23 जुलाई (गुरुवार) से प्रभावी हो गई हैं। इसी बीच ऑल पाकिस्तान पेट्रोलियम पंप ओनर्स एसोसिएशन (APPPOA) ने सरकार के साथ वार्ता के बाद प्रस्तावित देशव्यापी हड़ताल को फिलहाल दो सप्ताह के लिए टाल दिया है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार की तेजी बनी वजह

पाकिस्तान के पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज़ मलिक ने कहा कि ईरान-अमेरिका तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव को देखते हुए अब ईंधन की कीमतों की समीक्षा रोजाना की जाएगी। सरकार पहले साप्ताहिक आधार पर कीमतों में संशोधन कर रही थी।

मध्य पूर्व में जारी तनाव और तेल आपूर्ति पर बढ़ते खतरे के कारण आने वाले दिनों में ईंधन की कीमतों में और बदलाव संभव माना जा रहा है। वहीं सरकार ने ईंधन की बचत और जरूरतमंदों को राहत देने के लिए पहले से लागू कुछ सब्सिडी योजनाओं को भी जारी रखने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *