खाड़ी देशों के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस की सभी उड़ानें बहाल, यात्रियों को बड़ी राहत

नई दिल्ली। पश्चिम एशिया (खाड़ी देशों) की यात्रा करने वाले भारतीय यात्रियों और प्रवासी भारतीयों के लिए राहत भरी खबर है। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने पश्चिम एशिया के सभी रूटों पर अपनी उड़ान सेवाएं पूरी तरह बहाल कर दी हैं। ओमान और कुवैत के लिए उड़ानों के दोबारा शुरू होने के साथ ही एयरलाइन का पूरा वेस्ट एशिया नेटवर्क सामान्य रूप से संचालित होने लगा है।

एयरलाइन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, कोझिकोड-सलालाह (ओमान) रूट पर उड़ानें 2 जुलाई से शुरू हो चुकी हैं। वहीं कोझिकोड-कुवैत सेवा 3 जुलाई से और बेंगलुरु-कुवैत रूट पर उड़ानों का संचालन 4 जुलाई से फिर शुरू किया जाएगा। कंपनी ने बताया कि यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए आने वाले समय में इन रूटों पर उड़ानों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।

गौरतलब है कि पश्चिम एशिया में बढ़े सैन्य तनाव और सुरक्षा कारणों के चलते एयर इंडिया एक्सप्रेस ने कुछ समय पहले ओमान, कुवैत समेत कई रूटों पर अपनी सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी थीं। अब हालात सामान्य होने के बाद एयरलाइन ने चरणबद्ध तरीके से सभी सेवाएं बहाल कर दी हैं।

वर्तमान में एयर इंडिया एक्सप्रेस भारत के 18 प्रमुख शहरों को पश्चिम एशिया के विभिन्न देशों से जोड़ती है और हर सप्ताह करीब 780 उड़ानों का संचालन करती है। इससे नौकरी, व्यापार और पारिवारिक कारणों से खाड़ी देशों की यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

एयर इंडिया एक्सप्रेस के बेड़े में इस समय 100 से अधिक आधुनिक विमान शामिल हैं। एयरलाइन प्रतिदिन 500 से ज्यादा उड़ानों के माध्यम से 43 घरेलू और 16 अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों को जोड़ रही है। कंपनी का कहना है कि भविष्य में मांग बढ़ने पर पश्चिम एशिया के रूटों पर उड़ानों की संख्या में भी बढ़ोतरी की जाएगी, ताकि भारतीय यात्रियों और एनआरआई समुदाय को बेहतर हवाई सेवाएं मिल सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *