दुर्ग में एसीबी का बड़ा एक्शन:जल संसाधन विभाग का बाबू 10 हजार घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

दुर्ग, 2 जुलाई: दुर्ग जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जल संसाधन विभाग के विद्युत यंत्र संभाग में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 (बाबू) शिव कुमार ठाकुर को एसीबी की टीम ने 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी बाबू विभाग के ही एक चतुर्थ वर्ग कर्मचारी से उसके सामान्य भविष्य निधि की राशि जारी करने के नाम पर इस अवैध रकम की मांग कर रहा था।

बेटे की शादी के लिए चाहिए थे पैसे

मिली जानकारी के अनुसार, विभाग में कार्यरत कर्मचारी नंदकुमार ने अपने बेटे की शादी के खर्च के लिए अपने जीपीएफ खाते से 5 लाख रुपये की आंशिक निकासी का आवेदन दिया था। इस फाइल को आगे बढ़ाने और भुगतान की प्रक्रिया को मंजूरी देने के बदले आरोपी बाबू शिव कुमार ठाकुर लगातार 10 हजार रुपये की मांग पर अड़ा हुआ था। परेशान होकर पीड़ित कर्मचारी ने इसकी लिखित शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से कर दी।

रायपुर की टीम ने बिछाया जाल

शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने गोपनीय तरीके से मामले का सत्यापन  कराया। मामला सही पाए जाने पर रायपुर से आई विशेष टीम ने जाल बिछाया। तय रणनीति के तहत जैसे ही शिकायतकर्ता ने कार्यालय में आरोपी बाबू को केमिकल लगे 10 हजार रुपये के नोट थमाए, पहले से घात लगाए बैठी एसीबी की टीम ने उसे दबोच लिया। हाथ धुलवाते ही आरोपी की उंगलियां लाल हो गईं और मौके से पूरी रकम बरामद कर ली गई।

कोर्ट में पेशी की तैयारी कार्रवाई के तुरंत बाद टीम आरोपी बाबू को लेकर दुर्ग स्थित सर्किट हाउस पहुंची, जहां उससे लंबी पूछताछ की गई। एसीबी के अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा। एसीबी ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी काम के बदले रिश्वत मांगता है, तो वे तुरंत इसकी शिकायत दर्ज कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *