देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और हीटवेव के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया है। कई क्षेत्रों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से सतर्क रहने और गर्मी से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां अपनाने की अपील की है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा कि बढ़ते तापमान के कारण दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है, ऐसे में सभी को अपनी सेहत का विशेष ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने लोगों से पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, शरीर को हाइड्रेटेड रखने और घर से बाहर निकलते समय पानी साथ रखने की सलाह दी।
पीएम मोदी ने कहा कि इस कठिन मौसम में संवेदनशीलता और मानवीय सहयोग बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि संभव हो तो किसी प्यासे व्यक्ति को पानी जरूर पिलाएं। साथ ही उन्होंने उन लोगों की सराहना की जो अपने घरों और दुकानों के बाहर मटके या पानी की व्यवस्था करते हैं।
प्रधानमंत्री ने बुजुर्गों की देखभाल पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने लोगों से अपने माता-पिता, दादा-दादी और अन्य परिजनों का हालचाल लेते रहने, उन्हें पर्याप्त पानी पीने और दोपहर की तेज धूप से बचने की सलाह देने को कहा।
इसके अलावा पीएम मोदी ने पशु-पक्षियों के प्रति भी संवेदनशीलता दिखाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि घर, बालकनी या कार्यालय के बाहर पानी से भरा बर्तन रखना भी कई जीवों के लिए जीवनदायी साबित हो सकता है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस भीषण गर्मी के दौरान सभी को मिलकर संवेदनशीलता और करुणा के साथ एक-दूसरे तथा जीव-जंतुओं का ध्यान रखना चाहिए।