रायपुर। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के नवनियुक्त मुख्य न्यायाधीश माननीय न्यायमूर्ति श्री के. आर. महापात्र का रविवार, 06 सितंबर 2026 को रायपुर आगमन हुआ। रायपुर पहुंचने पर उनका आत्मीय एवं गरिमापूर्ण स्वागत किया गया।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के माननीय न्यायाधीशगण, रजिस्ट्रार जनरल, पी.पी.एस., प्रोटोकॉल ऑफिसर, प्रिंसिपल डिस्ट्रिक्ट जज रायपुर सहित अन्य न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा प्रिंसिपल सेक्रेटरी (विधि), कलेक्टर रायपुर, कमिश्नर (राजस्व) तथा अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।
आज होगा शपथ ग्रहण समारोह
नवनियुक्त मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति के. आर. महापात्र का शपथ ग्रहण समारोह सोमवार, 07 सितंबर 2026 को दोपहर 1:30 बजे रायपुर स्थित लोकभवन के छत्तीसगढ़ मंडपम में आयोजित किया जाएगा।
शपथ ग्रहण समारोह के बाद मुख्य न्यायाधीश के सम्मान में ओवेशन समारोह भी आयोजित होगा। यह कार्यक्रम 07 सितंबर 2026 को शाम 4:15 बजे छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय, बिलासपुर स्थित मुख्य न्यायाधीश के कोर्ट रूम में होगा।
दोनों कार्यक्रमों को लेकर न्यायिक एवं प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। न्यायमूर्ति के. आर. महापात्र के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ लेने के साथ ही छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के न्यायिक प्रशासन में उनके कार्यकाल की औपचारिक शुरुआत होगी।