फ्लाइट लैंड होते ही एक्शन में पुलिस! अभिजीत दीपके समेत CJP के तीन बड़े नेताओं को हिरासत में लिया

नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से पहले दिल्ली में पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। मुंबई से दिल्ली पहुंचे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान के अंदर से ही हिरासत में ले लिया गया। उनके साथ पार्टी के नेता सौरव दास और आशुतोष रांका को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।

विमान के अंदर पहुंची पुलिस, नेताओं से सहयोग की अपील

जानकारी के अनुसार, विमान के दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरते ही पुलिसकर्मी अंदर पहुंचे और तीनों नेताओं को अपने साथ ले गए। इस दौरान सामने आए वीडियो में अभिजीत दीपके पुलिस से कहते दिखाई दे रहे हैं कि वे गिरफ्तारी के लिए तैयार हैं। वहीं, पुलिसकर्मियों ने उन्हें शांत रहने और कार्रवाई में सहयोग करने को कहा।

पुलिस ने इस कार्रवाई को औपचारिक गिरफ्तारी के बजाय एहतियातन हिरासत बताया। इसके बाद तीनों नेताओं को विमान से उतारकर सुरक्षा घेरे में किसी अज्ञात स्थान पर ले जाया गया।

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन से पहले सुरक्षा सख्त

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जंतर-मंतर पर CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिलने के बावजूद पार्टी नेताओं के आगे बढ़ने के ऐलान के बाद पुलिस ने संवेदनशील इलाकों और प्रमुख मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी।

रिपोर्ट के मुताबिक, कर्तव्य पथ और जनपथ के आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न प्रवेश मार्गों पर भी पुलिस तैनात की गई है।

ध्रुव राठी और रत्ना सिंह भी हिरासत में

प्रदर्शन से पहले यूट्यूबर ध्रुव राठी और CJP की लीगल हेड रत्ना सिंह को भी हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार, कनॉट प्लेस और दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग बॉर्डरों से 500 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है।

CJP के शीर्ष नेताओं को एयरपोर्ट पर ही हिरासत में लिए जाने से प्रस्तावित प्रदर्शन पर असर पड़ने की संभावना है। फिलहाल, इस पूरे घटनाक्रम में पुलिस की कार्रवाई और प्रदर्शन को लेकर स्थिति पर नजर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *