अग्रसेन चौक पर कार्यकर्ताओं का जोरदार प्रदर्शन- केंद्र सरकार से आतंकियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग
दुर्ग | जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में बीते 31 जुलाई को आतंकवादियों द्वारा छत्तीसगढ़ के दो निर्दोष मजदूरों की गोली मारकर हत्या किए जाने के विरोध में रविवार को दुर्ग शहर में भारी आक्रोश देखा गया। घटना के विरोध में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने शहर के व्यस्ततम अग्रसेन चौक पर एकत्रित होकर आतंकवाद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने अग्रसेन चौक पर आतंकवाद का पुतला दहन कर इस कायराना हरकत की कड़ी निंदा की। इस दौरान प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे पदाधिकारियों ने कहा कि रोजी-रोटी कमाने गए निर्दोष मजदूरों की हत्या सीधे तौर पर मानवता पर हमला है। ऐसे कायराना कृत्यों का अब मुंहतोड़ जवाब दिया जाना चाहिए।

कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार से मांग की है कि सीमा पार से पनप रहे आतंकवाद और घाटी में छिपे आतंकियों के खिलाफ तत्काल सख्त से सख्त सैन्य कार्रवाई की जाए।प्रदर्शन के अंत में कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर कुलगाम में छत्तीसगढ़ के दोनों श्रमिक भाइयों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।
बजरंग दल ने दो टूक शब्दों में कहा कि देश की सुरक्षा और नागरिकों की जान से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आतंकवाद के खात्मे के लिए अब पूरे देश को एकजुट होकर खड़े होने का समय आ गया है। इस दौरान बड़ी संख्या में बजरंग दल के कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।