- सेक्टर-9 मंदिर से रायपुर के लोक भवन तक पैदल मार्च
- जिला अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर के नेतृत्व में जुटे हजारों लोग
भिलाई।भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) प्रबंधन की ओर से टाउनशिप एरिया में लागू की गई रिटेंशन स्कीम के विरोध में रविवार से जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग ने मोर्चा खोल दिया है। सेक्टर क्षेत्र के निवासियों को मिल रहे मकान खाली करने के नोटिस और विस्थापन के खतरे को देखते हुए कांग्रेस ने रविवार को भव्य “भिलाई बचाओ पद यात्रा” का शंखनाद किया।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर के नेतृत्व में शुरू हुई यह यात्रा सेक्टर-9 स्थित मंदिर से पूजा-अर्चना के बाद रवाना हुई।यह पद यात्रा आज 2 अगस्त से शुरू होकर आगामी 5 अगस्त तक विभिन्न निर्धारित रूटों से गुजरते हुए राजधानी रायपुर के लोक भवन पहुंचेगी। यात्रा के पहले ही दिन बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि और टाउनशिप के पीड़ित नागरिक सड़कों पर उतरे।

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि बीएसपी प्रबंधन बिना किसी ठोस वैकल्पिक व्यवस्था के वर्षों से रह रहे परिवारों को बेदखल करने के नोटिस थमा रहा है। इससे हजारों परिवारों के सामने अचानक छत छिनने और विस्थापन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।पद यात्रा के माध्यम से कांग्रेस इस मुद्दे पर जनसमर्थन जुटा रही है, ताकि सरकार और प्रबंधन पर दबाव बनाया जा सके।
पार्टी ने साफ शब्दों में मांग की है कि सेक्टर क्षेत्र के निवासियों के हितों की हर हाल में रक्षा की जाए और जब तक कोई उचित व सर्वमान्य समाधान नहीं निकलता, तब तक किसी भी परिवार को बेदखल न किया जाए। अब देखना होगा कि कांग्रेस के इस चार दिवसीय पैदल मार्च और बढ़ते जन-आक्रोश पर भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) प्रबंधन और राज्य शासन की ओर से क्या रुख सामने आता है।