सावधान! अधिक नमक का सेवन बिगाड़ सकता है आपकी सेहत

Health : नमक हमारे भोजन का अहम हिस्सा है, लेकिन इसका अधिक सेवन शरीर के लिए गंभीर नुकसानदायक साबित हो सकता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, ज्यादा नमक खाने से हाई ब्लड प्रेशर, हार्ट डिजीज, किडनी की समस्या और समय से पहले मौत जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। यही वजह है कि डॉक्टर रोजाना 5 ग्राम से अधिक नमक का सेवन न करने की सलाह देते हैं।

नमक में लगभग 40 प्रतिशत सोडियम और 60 प्रतिशत क्लोराइड पाया जाता है, जो शरीर में पानी और मिनरल्स का संतुलन बनाए रखने में मदद करता है। लेकिन जब शरीर में सोडियम की मात्रा जरूरत से ज्यादा हो जाती है, तो कई स्वास्थ्य समस्याएं शुरू हो सकती हैं।

विशेषज्ञों के मुताबिक, अधिक नमक खाने से शरीर में पानी जमा होने लगता है, जिससे हाथ, पैर और चेहरे में सूजन आ सकती है। इस स्थिति को वाटर रिटेंशन कहा जाता है।

ज्यादा नमक का असर किडनी पर भी पड़ता है। किडनी शरीर से अतिरिक्त सोडियम और पानी बाहर निकालने का काम करती है, लेकिन अत्यधिक नमक खाने से उस पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। इससे किडनी स्टोन और किडनी फेलियर जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है।

इसके अलावा, अधिक नमक शरीर में कैल्शियम की कमी पैदा कर सकता है, जिससे हड्डियां कमजोर होने लगती हैं। लगातार ज्यादा नमक खाने से ऑस्टियोपोरोसिस जैसी समस्याओं की आशंका भी बढ़ सकती है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं कि ज्यादा नमक खाने का सबसे बड़ा प्रभाव ब्लड प्रेशर पर पड़ता है। शरीर में सोडियम बढ़ने से पानी जमा होता है, जिससे खून की मात्रा बढ़ती है और रक्त वाहिकाओं पर दबाव पड़ता है। यही स्थिति हाई ब्लड प्रेशर का कारण बनती है।

हाई ब्लड प्रेशर के कारण हार्ट अटैक, स्ट्रोक और हार्ट फेल्योर जैसी गंभीर हृदय बीमारियों का खतरा भी कई गुना बढ़ जाता है। ऐसे में संतुलित मात्रा में नमक का सेवन और हेल्दी डाइट अपनाना बेहद जरूरी माना जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *