मुंबई: भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने युवाओं के लिए बैंकिंग सेक्टर में बड़ा अवसर जारी किया है। बैंक ने स्पेशलिस्ट कैडर ऑफिसर (SCO) भर्ती 2026-27 के तहत ट्रेड फाइनेंस ऑफिसर (MMGS-II) पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक उम्मीदवार SBI की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से 2 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इस भर्ती अभियान के तहत कुल 100 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें अनारक्षित (UR) वर्ग के लिए 38 पद, OBC के लिए 22, EWS के लिए 8, SC के लिए 14 और ST वर्ग के लिए 18 पद शामिल हैं। यह भर्ती नियमित आधार पर की जाएगी।
वेतन की बात करें तो चयनित उम्मीदवारों को 64,820 रुपये से 93,960 रुपये प्रतिमाह तक का वेतन मिलेगा। इसके अलावा महंगाई भत्ता (DA), मकान किराया भत्ता (HRA), पीएफ, एनपीएस, मेडिकल सुविधाएं और अन्य बैंकिंग लाभ भी दिए जाएंगे, जिससे यह नौकरी और अधिक आकर्षक बन जाती है।
योग्यता के अनुसार उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक (Graduation) की डिग्री होना अनिवार्य है। साथ ही IIBF द्वारा जारी फॉरेक्स ऑपरेशंस सर्टिफिकेट और कम से कम 2 वर्ष का संबंधित कार्य अनुभव भी आवश्यक है। आयु सीमा 30 अप्रैल 2026 तक 23 से 32 वर्ष निर्धारित की गई है, जबकि आरक्षित वर्गों को सरकारी नियमों के अनुसार छूट मिलेगी।
चयन प्रक्रिया में पहले शॉर्टलिस्टिंग की जाएगी और उसके बाद इंटरव्यू के आधार पर अंतिम चयन होगा। आवेदन शुल्क सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 750 रुपये रखा गया है, जबकि SC, ST और PwBD उम्मीदवारों को शुल्क में छूट दी गई है।
यह भर्ती बैंकिंग सेक्टर में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।