दुर्ग/14 मई/नगर पालिक निगम सीमा क्षेत्र अंतर्गत शहर में बारिश के पूर्व जलभराव एवं गंदगी की समस्या से नागरिकों को राहत दिलाने के उद्देश्य से नालों की व्यापक सफाई अभियान प्रारंभ कर दिया गया है। इसी कड़ी में टेंडर निविदा प्रक्रिया के तहत गिरधारी नगर नाला की सफाई कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। सफाई कार्य के लिए विशेष गैंग लगाकर मशीन एवं श्रमिकों के माध्यम से नाले की सफाई शुरू कराई गई।
दुर्ग की महापौर अलका बाघमार ने मौके पर पहुंचकर सफाई कार्य का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को कार्य में गुणवत्ता एवं नियमित मॉनिटरिंग बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नाले में जमा गाद, कचरा एवं अवरोधों को शीघ्र हटाकर पानी निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए, ताकि आगामी बारिश के दौरान नागरिकों को जलभराव की समस्या का सामना न करना पड़े।
आगामी बारिश को देखते हुए नगर पालिक निगम द्वारा शहर के सभी बड़े नालों की सफाई अभियान प्रारंभ कर दिया गया है। अभियान की शुरुआत गिरधारी नगर नाला से की गई। महापौर अलका बाघमार ने स्थल पहुंचकर सफाई कार्य का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को समय पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। निगम द्वारा बारिश पूर्व जलभराव की समस्या रोकने हेतु सभी प्रमुख नालों की चरणबद्ध सफाई कराई।
महापौर अलका बाघमार ने कहा कि नगर निगम द्वारा शहर के प्रमुख नालों एवं नालियों की सफाई अभियान लगातार चलाया जा रहा है। नागरिकों की सुविधा एवं स्वच्छ वातावरण बनाए रखना निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बारिश पूर्व सभी वार्डों में सफाई व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा तथा जल निकासी से संबंधित समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील करते हुए कहा कि नालों एवं सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फेंके तथा शहर को स्वच्छ रखने में निगम प्रशासन का सहयोग करें।
इस अवसर पर लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर, बाजार एवं राजस्व विभाग प्रभारी शेखर चन्द्राकर स्वास्थ्य प्रभारी निलेश अग्रवाल, विद्युत विभाग प्रभारी एवं वार्ड पार्षद ज्ञानेश्वर ताम्रकर, एमआईसी सदस्य लीना दिनेश देवांगन, शशि साहू, हर्षिका संभव जैन, रंजीता पाटिल, अरुण सिंह, स्वास्थ्य अधिकारी दुर्गेश गुप्ता सहित मनमोहन शर्मा अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।