भारत निर्वाचन आयोग ने गुरुवार को वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तीसरे चरण की घोषणा कर दी। इस चरण के तहत दिल्ली, महाराष्ट्र, पंजाब और कर्नाटक समेत देश के 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में मतदाता सूची की जांच और अपडेट का काम किया जाएगा। आयोग के अनुसार दिल्ली की अंतिम वोटर लिस्ट 7 अक्टूबर को जारी की जाएगी।
निर्वाचन आयोग ने बताया कि इस बड़े अभियान में करीब 3.94 लाख बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर लगभग 36.73 करोड़ मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। इस दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों की ओर से नियुक्त 3.42 लाख बूथ लेवल एजेंट (BLA) भी मौजूद रहेंगे, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से पूरी हो सके।
आयोग के मुताबिक फिलहाल हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर और लद्दाख में यह प्रक्रिया शुरू नहीं की जाएगी। इन क्षेत्रों में मौसम संबंधी परिस्थितियों और जनगणना के दूसरे चरण को ध्यान में रखते हुए बाद में कार्यक्रम घोषित किया जाएगा।
निर्वाचन आयोग ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की है कि वे हर पोलिंग बूथ पर अपने बूथ लेवल एजेंट नियुक्त करें, ताकि मतदाता सूची के पुनरीक्षण में सभी पक्षों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
तीसरे चरण में दिल्ली, महाराष्ट्र, पंजाब, आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, हरियाणा, झारखंड, कर्नाटक, मणिपुर, नागालैंड, मेघालय, मिजोरम, ओडिशा, सिक्किम, त्रिपुरा, तेलंगाना, उत्तराखंड, चंडीगढ़, दमन और दीव तथा दादरा और नगर हवेली शामिल हैं।