दुर्ग | दुर्ग जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक रिहायशी मकान में भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। अग्निशमन दल की त्वरित कार्रवाई के कारण एक बड़ा हादसा टल गया और आग को पड़ोसी घरों में फैलने से रोक लिया गया।
जानकारी के अनुसार, शायरा बानु के मोहन नगर स्थित निवास पर अचानक आग लग गई। घर से धुआं और लपटें उठती देख तत्काल इसकी सूचना दुर्ग अग्निशमन कार्यालय को दी गई। सूचना मिलते ही जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देश पर दल प्रभारी शरद मेश्राम के नेतृत्व में एक दमकल टीम तत्काल मौके पर रवाना हुई।

घटनास्थल पर भीषण धुएं और लपटों के बीच अग्निशमन कर्मी नागेश, धर्मेंद्र, खेमराज, डिव्हार, पवित्र और राहुल ने अदम्य साहस का परिचय दिया। टीम ने घर के भीतर घुसकर पानी की बौछारें की और एक गाड़ी पानी की मदद से आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल आग लगने का स्पष्ट कारण पता नहीं चल पाया है। मोहन नगर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। अग्निशमन विभाग की मुस्तैदी की सराहना की जा रही है, क्योंकि समय पर कार्रवाई न होने से आग आसपास के घने बसे घरों को भी चपेट में ले सकती थी।