नई दिल्ली। भारत के ई-कॉमर्स लॉजिस्टिक इकोसिस्टम को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए डाक विभाग और Flipkart ने पार्सल डिलीवरी सेवाओं के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इस साझेदारी का उद्देश्य देशभर में तेज, विश्वसनीय और बेहतर अंतिम दूरी तक डिलीवरी सेवाएं उपलब्ध कराना है।
समझौते पर हस्ताक्षर
नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में डाक विभाग के पार्सल निदेशालय के महाप्रबंधक नीरज कुमार झा और फ्लिपकार्ट के वाणिज्यिक निदेशक हरविंदर कपूर ने इस समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस मौके पर दोनों संगठनों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
देशभर में मजबूत होगा डिलीवरी नेटवर्क
इस साझेदारी के तहत डाक विभाग फ्लिपकार्ट के शिपमेंट की अंतिम दूरी तक डिलीवरी सेवाएं प्रदान करेगा। इससे फ्लिपकार्ट को डाक विभाग के 1.6 लाख से अधिक डाकघरों और देशव्यापी नेटवर्क का लाभ मिलेगा। इसका फायदा शहरी, अर्ध-शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ दूरदराज इलाकों तक भी पहुंचेगा।
कैश ऑन डिलीवरी और ट्रैकिंग सुविधाएं भी शामिल
समझौते के अंतर्गत प्रीपेड और कैश ऑन डिलीवरी (COD) पार्सल, OTP आधारित डिलीवरी सत्यापन और रियल टाइम ट्रैकिंग जैसी सुविधाएं भी शामिल होंगी। दोनों संस्थाएं तकनीकी एकीकरण और बेहतर समन्वय के जरिए ग्राहकों को तेज और आसान डिलीवरी अनुभव देने पर काम करेंगी।
ई-कॉमर्स सेक्टर को मिलेगा बढ़ावा
यह सहयोग भारत के तेजी से बढ़ते ई-कॉमर्स क्षेत्र की लॉजिस्टिक क्षमता को मजबूत करेगा। इससे बाजार तक पहुंच आसान होगी और खासकर ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में डिलीवरी सेवाएं बेहतर होंगी।
डाक विभाग के पार्सल कारोबार को फायदा
इस समझौते से डाक विभाग के पार्सल कारोबार को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है। यह कदम विभाग के उस विजन के अनुरूप है, जिसमें वह देश की डिजिटल अर्थव्यवस्था की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने वाली प्रमुख लॉजिस्टिक संस्था बनना चाहता है।