नई दिल्ली। केंद्रीय कर्मचारियों को आठवें वेतन आयोग की सिफारिशों का बेसब्री से इंतजार है। आयोग अगले साल की पहली छमाही तक अपनी सिफारिशें सरकार को सौंप सकता है। इससे पहले आयोग की ओर से कर्मचारी संगठनों और अन्य संबंधित पक्षों के साथ बैठकें की जा रही हैं। इसी बीच आठवें केंद्रीय वेतन आयोग ने कंसल्टेंट के तौर पर नियुक्ति से जुड़े पात्रता नियमों में आंशिक बदलाव किया है।
आयोग ने अपनी वेबसाइट पर नया नोटिफिकेशन जारी कर संशोधित नियमों की जानकारी दी है। इसके तहत अलग-अलग श्रेणियों के कंसल्टेंट पदों के लिए अनुभव और अधिकतम आयु सीमा निर्धारित की गई है।
तीन श्रेणियों में बांटे गए कंसल्टेंट पद
संशोधित दिशा-निर्देशों के मुताबिक कंसल्टेंट के पदों को तीन श्रेणियों में बांटा गया है। इनमें सीनियर कंसल्टेंट, कंसल्टेंट और यंग प्रोफेशनल कंसल्टेंट शामिल हैं।
- सीनियर कंसल्टेंट: कम से कम 10 वर्ष का अनुभव और अधिकतम आयु 45 वर्ष।
- कंसल्टेंट: कम से कम 6 वर्ष का अनुभव और अधिकतम आयु 40 वर्ष।
- यंग प्रोफेशनल कंसल्टेंट: कम से कम 2 वर्ष का अनुभव और अधिकतम आयु 32 वर्ष।
आयोग यंग प्रोफेशनल कंसल्टेंट की श्रेणी में अधिकतम 16 कंसल्टेंट नियुक्त कर सकता है।
कौन कर सकता है आवेदन?
नोटिफिकेशन के अनुसार HR, इंडस्ट्रियल रिलेशंस (IR) या संबंधित विषय में मास्टर डिग्री अथवा MBA करने वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा संबंधित अनुभव रखने वाले और बार काउंसिल या बार एसोसिएशन में नामांकित LLB उम्मीदवार भी पात्र हो सकते हैं।
कानून शोध, ट्रिब्यूनल और अदालतों में अधिवक्ता के तौर पर सेवा संबंधी मामलों को संभालने का अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को भी योग्य माना गया है।
इसके साथ ही B.Tech/M.Tech और IT, डेटा एनालिसिस तथा डेटा विजुअलाइजेशन जैसे क्षेत्रों में अनुभव रखने वाले उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं।
इन स्किल्स को दी जाएगी प्राथमिकता
उम्मीदवारों के लिए एक्सेल, स्प्रेडशीट और प्रेजेंटेशन तैयार करने का ज्ञान जरूरी बताया गया है। इसके अलावा वेतन, भत्ते, क्षतिपूर्ति पैकेज या स्थापना संबंधी मामलों में अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जा सकती है।
केवल ऑनलाइन होगा आवेदन
आयोग ने स्पष्ट किया है कि कंसल्टेंट पदों के लिए आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। डाक, ईमेल या किसी अन्य माध्यम से भेजी गई हार्ड कॉपी स्वीकार नहीं की जाएगी।
वहीं, जिन उम्मीदवारों ने पहले ही आवेदन कर दिया है, उन्हें दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है।
कर्मचारियों को सिफारिशों का इंतजार
आठवें वेतन आयोग की अंतिम सिफारिशों का केंद्रीय कर्मचारियों को लंबे समय से इंतजार है। आयोग कर्मचारी संगठनों समेत विभिन्न पक्षों से चर्चा के बाद अपनी रिपोर्ट तैयार करेगा। इसके बाद आयोग अपनी सिफारिशें केंद्र सरकार को सौंपेगा, जिसके आधार पर कर्मचारियों के वेतन और अन्य सेवा संबंधी पहलुओं में बदलाव की तस्वीर साफ होगी।