नई दिल्ली : क्रिकेट के मैदान पर भारत और जापान एक नए इतिहास की शुरुआत करने जा रहे हैं। पहली बार दोनों देशों की पुरुष सीनियर क्रिकेट टीमें टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में आमने-सामने होंगी। यह ऐतिहासिक मैच 22 सितंबर 2026 को जापान के तोचिगी प्रान्त स्थित सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और जापान क्रिकेट एसोसिएशन (JCA) ने इस विशेष मुकाबले का ऐलान किया है। मैच को ‘सुजुकी कप’ नाम दिया गया है। यह मुकाबला भारत और जापान के बीच राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ के जश्न का हिस्सा होगा और ‘स्पोर्ट 75’ पहल की शुरुआत करेगा।
जापान में क्रिकेट को मिलेगा नया मंच
भारत की मौजूदा विश्व चैंपियन टीम का जापान में खेलना वहां क्रिकेट के विकास के लिए बड़ा अवसर माना जा रहा है। BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि इस मुकाबले के जरिए भारतीय क्रिकेट को नए क्षेत्र में पहुंचाने और जापान तथा पूर्वी एशिया में खेल की लोकप्रियता बढ़ाने का मौका मिलेगा।
BCCI का कहना है कि क्रिकेट का विस्तार केवल पारंपरिक क्रिकेट खेलने वाले देशों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। बोर्ड जापान क्रिकेट एसोसिएशन के साथ मिलकर जापान में क्रिकेट को मजबूत करने और आने वाले वर्षों में दोनों देशों के बीच क्रिकेट संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए काम करेगा।
500 से बढ़ाकर 2 हजार होगी दर्शक क्षमता
मुकाबले को लेकर फैंस में बढ़ती दिलचस्पी को देखते हुए सानो क्रिकेट ग्राउंड की दर्शक क्षमता करीब 500 से बढ़ाकर 2,000 किए जाने की योजना है। टिकट बिक्री को लेकर जल्द आधिकारिक जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
एशियन गेम्स से पहले होगा मुकाबला
भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम एशियन गेम्स 2026 में हिस्सा लेने के लिए जापान जाएगी। ऐसे में भारत-जापान का यह टी20 मुकाबला टीम इंडिया के एशियन गेम्स अभियान से पहले एक खास मुकाबला होगा। भारतीय टीम 24 सितंबर से 3 अक्टूबर तक होने वाले पुरुष क्रिकेट इवेंट में हिस्सा लेगी।
जापान क्रिकेट एसोसिएशन के CEO नाओकी मियाजी ने भारतीय टीम की मेजबानी को जापान में क्रिकेट के लिए यादगार अवसर बताया। उन्होंने भारतीय क्रिकेट फैंस के साथ-साथ स्थानीय जापानी दर्शकों से भी स्टेडियम पहुंचकर मुकाबले का आनंद लेने और अपनी टीम का उत्साह बढ़ाने की अपील की।
तीन खिलाड़ी नेट बॉलर के तौर पर जाएंगे
एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम के साथ विक्की ओस्तवाल, रसिक सलाम और कार्तिक त्यागी नेट बॉलर के तौर पर जापान जाएंगे। तीनों खिलाड़ियों के पासपोर्ट और वीजा से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
उम्मीद है कि तीनों खिलाड़ी 19 सितंबर को नई दिल्ली से भारतीय टीम के साथ टोक्यो के लिए रवाना होंगे। उन्हें भारतीय बल्लेबाजों के खिलाफ नेट्स में गेंदबाजी करने के साथ ही मल्टी-स्पोर्ट इवेंट का अनुभव हासिल करने का भी मौका मिलेगा।