बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में नए कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की जिम्मेदारी अब वरिष्ठ न्यायमूर्ति संजय कुमार अग्रवाल संभालेंगे। मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा के 4 सितंबर 2026 को सेवानिवृत्त होने के बाद जस्टिस अग्रवाल की नियुक्ति कार्यवाहक चीफ जस्टिस के तौर पर की गई है। केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्रालय के न्याय विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है।
संविधान के अनुच्छेद 223 के तहत नियुक्ति
राष्ट्रपति ने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 223 के तहत प्राप्त शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए न्यायमूर्ति संजय कुमार अग्रवाल को छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के कर्तव्यों के निर्वहन के लिए नियुक्त किया है। कार्यवाहक चीफ जस्टिस के रूप में वे हाईकोर्ट की न्यायिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालेंगे।
जस्टिस अग्रवाल को इससे पहले राजस्थान हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में भी नामित किया जा चुका है। हालांकि वर्तमान व्यवस्था के तहत उन्हें छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश बनाया गया है।
बिलासपुर से है गहरा संबंध
जस्टिस संजय कुमार अग्रवाल का संबंध बिलासपुर से है और वे छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीशों में शामिल हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा रतनपुर से पूरी की। इसके बाद गुरु घासीदास विश्वविद्यालय, बिलासपुर से बीएससी और एलएलबी की पढ़ाई की। उन्होंने पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर से एलएलएम की डिग्री हासिल की।
वकालत से न्यायपालिका तक का सफर
न्यायमूर्ति अग्रवाल का कानूनी और न्यायिक क्षेत्र में लंबा अनुभव रहा है। उन्होंने 1 मार्च 2002 से 29 फरवरी 2004 तक राज्य के डिप्टी एडवोकेट जनरल के रूप में सेवाएं दीं। इसके बाद उन्होंने छत्तीसगढ़ के एडवोकेट जनरल के तौर पर भी जिम्मेदारी संभाली।
16 सितंबर 2013 को उन्हें छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया। इसके बाद 8 मार्च 2016 को उन्होंने स्थायी न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। वरिष्ठता और लंबे न्यायिक अनुभव के चलते अब उन्हें हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।