CG के 7,900 नगर सैनिकों को बड़ी राहत, अब हर महीने मिलेगा 30,870 रुपये मानदेय

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नगर सैनिकों (होमगार्ड) के लिए राहत भरी खबर है। प्रदेश में नगर सैनिकों का मासिक मानदेय बढ़ाकर 30,870 रुपए करने का प्रस्ताव है। वर्तमान में उन्हें 19,500 रुपए प्रतिमाह मानदेय मिल रहा है। नए प्रस्ताव में मूल मानदेय के साथ महंगाई भत्ता और वर्दी धुलाई भत्ता भी शामिल किया गया है। इससे प्रदेश के करीब 7,900 नगर सैनिकों को लाभ मिलने की बात कही गई है।

महंगाई भत्ता और वर्दी धुलाई भत्ता भी मिलेगा

गृह विभाग के प्रस्ताव के अनुसार, नगर सैनिकों को 19,500 रुपए मूल मानदेय दिया जाएगा। इसके अलावा, 58 प्रतिशत की दर से 11,310 रुपए महंगाई भत्ता और 60 रुपए वर्दी धुलाई भत्ता शामिल होगा। इस तरह कुल मासिक राशि 30,870 रुपए होगी। प्रतिदिन के हिसाब से यह राशि करीब 1,029 रुपए बैठती है।

पहले भी बढ़ाया जा चुका है मानदेय

नगर सैनिकों के मानदेय में इससे पहले भी बढ़ोतरी की जा चुकी है। वर्ष 2017 में मानदेय 10,000 रुपए से बढ़ाकर 13,200 रुपए प्रतिमाह किया गया था। इसके बाद 30 मई 2023 को जारी आदेश के तहत 1 अप्रैल 2023 से मानदेय में 6,300 रुपए की वृद्धि की गई। इसके परिणामस्वरूप मानदेय बढ़कर 19,500 रुपए प्रतिमाह हो गया था।

न्यायालय के निर्देश और महंगाई को बनाया आधार

गृह विभाग ने मानदेय बढ़ाने के प्रस्ताव के पीछे न्यायालय के निर्देशों, बढ़ती महंगाई और नगर सैनिकों की ड्यूटी के दौरान निभाई जाने वाली जिम्मेदारियों को प्रमुख आधार बताया है। नगर सैनिक प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ अग्निशमन, आपदा प्रबंधन और अन्य आवश्यक सेवाओं में भी अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं।

मानदेय बढ़ाने के प्रस्ताव से नगर सैनिकों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है। इस फैसले को लेकर नगर सैनिकों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गृह मंत्री विजय शर्मा के प्रति आभार जताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *