नई दिल्ली। दिवाली और छठ पर्व पर घर जाने की योजना बना रहे रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने 15 स्पेशल ट्रेनों के संचालन का ऐलान किया है। इन ट्रेनों के लिए टिकट बुकिंग की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है।
रेलवे के 60 दिन के एडवांस रिजर्वेशन पीरियड (ARP) नियम के तहत IRCTC की वेबसाइट, ऐप और रेलवे आरक्षण काउंटर पर सुबह 8 बजे से टिकट बुक किए जा सकते हैं। इस साल 8 नवंबर 2026 को दिवाली मनाई जाएगी। ऐसे में उत्तर और पूर्वी भारत की ओर जाने वाली ट्रेनों में सीटों की मांग तेजी से बढ़ने की संभावना है।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे आखिरी समय की भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट से बचने के लिए समय रहते टिकट बुक कर लें।
रेलवे की 15 स्पेशल ट्रेनों की सूची
- मुंबई सेंट्रल–कटिहार–मुंबई सेंट्रल (09189/09190): 5 सितंबर से 17 नवंबर के बीच 77 अतिरिक्त फेरे।
- कानपुर सेंट्रल–गुवाहाटी–कानपुर सेंट्रल (04127/04128): 10 सितंबर से 11 दिसंबर के बीच 14 अतिरिक्त फेरे।
- कटिहार–अमृतसर–कटिहार (05736/05735): 9 सितंबर से 27 नवंबर के बीच 12 अतिरिक्त फेरे।
- डिब्रूगढ़–कोलकाता–डिब्रूगढ़ (05932/05931): 5 सितंबर से 30 नवंबर के बीच 13 अतिरिक्त फेरे।
- वाराणसी–दिल्ली–वाराणसी (04209/04210)।
- अयोध्या कैंट–आनंद विहार टर्मिनल (04213/04214): द्विसाप्ताहिक।
- चंडीगढ़–पटना जंक्शन (04512/04511): साप्ताहिक।
- फिरोजपुर कैंट–पटना जंक्शन (04616/04615): साप्ताहिक।
- आनंद विहार टर्मिनल–जोगबनी (04008/04007): साप्ताहिक।
- आनंद विहार टर्मिनल–मुजफ्फरपुर (04028/04027): द्विसाप्ताहिक।
- दिल्ली–सीतामढ़ी–दिल्ली (04010/04009): साप्ताहिक।
- नई दिल्ली–कानपुर सेंट्रल सुपरफास्ट (02456/02455)।
- बरौनी–नई दिल्ली–बरौनी स्पेशल (02563/02564)।
- दरभंगा–नई दिल्ली–दरभंगा स्पेशल (02569/02570)।
इन रूटों पर सबसे ज्यादा रहेगी टिकटों की मारामारी
त्योहारी सीजन में बिहार और उत्तर प्रदेश से जुड़े प्रमुख रेल रूटों पर टिकटों की मांग सबसे ज्यादा रहने की संभावना है। दिल्ली-पटना, मुंबई-पटना, बेंगलुरु-पटना, अहमदाबाद-पटना, दिल्ली-गोरखपुर, वाराणसी-दिल्ली और कानपुर-दिल्ली जैसे रूटों पर यात्रियों को कंफर्म सीट के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ सकती है।
ऐसे पाएं कंफर्म टिकट
मास्टर लिस्ट पहले से तैयार रखें: टिकट बुकिंग शुरू होने से पहले IRCTC प्रोफाइल में यात्रियों के नाम, उम्र और बर्थ संबंधी जानकारी सेव कर लें।
समय से पहले लॉगिन करें: सुबह 8 बजे बुकिंग शुरू होने से करीब 5 मिनट पहले IRCTC वेबसाइट या ऐप पर लॉगिन कर लें।
तेज पेमेंट मोड चुनें: भुगतान में समय बचाने के लिए UPI या IRCTC Wallet जैसे तेज भुगतान विकल्पों का इस्तेमाल करें।
त्योहारी सीजन में कंफर्म टिकट पाना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। इसलिए यात्रियों के लिए बेहतर होगा कि वे अपनी यात्रा की तारीख पहले से तय कर ARP अवधि के अनुसार जल्द टिकट बुक करें।