दुर्ग। महमरा एनीकट के पास शिवनाथ नदी में नहाने के दौरान तेज बहाव में बहे 22 वर्षीय युवक का शव SDRF की टीम ने बरामद कर लिया है। मृतक की पहचान पंचशील नगर, दुर्ग निवासी निशांत सेन के रूप में हुई है। घटना के बाद रेस्क्यू टीम ने मोटर बोट और सुरक्षा उपकरणों की मदद से नदी में सघन तलाशी अभियान चलाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 9 अक्टूबर 2026 को निशांत सेन महमरा एनीकट के समीप शिवनाथ नदी में नहा रहा था। इसी दौरान वह पानी के तेज बहाव में बह गया। घटना की सूचना मिलने पर जिला सेनानी के निर्देशन में दुर्ग SDRF की रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
तेज बहाव के बीच गोताखोरों ने चलाया सर्च ऑपरेशन
SDRF के प्रशिक्षित गोताखोर राजकुमार यादव और चंद्रप्रताप जंघेल ने नदी में डिप डाइविंग कर सघन तलाशी अभियान चलाया। काफी प्रयासों के बाद युवक का शव पानी से बाहर निकाला गया।
पुलिस और परिजनों को सौंपा गया शव
रेस्क्यू टीम ने शव को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए मौके पर मौजूद दुर्ग थाना पुलिस और परिजनों के सुपुर्द कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।