दुर्ग/अमलेश्वर। ग्राम जमराव स्थित खारून नदी में पिकनिक मनाने गए युवकों के दल में शामिल एक युवक तेज बहाव में बह गया था। एसडीआरएफ दुर्ग संभाग की टीम ने लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर दूसरे दिन सुबह युवक का शव बरामद कर लिया।
जानकारी के अनुसार, 26 जुलाई 2026 की शाम करीब 5:30 बजे थाना अमलेश्वर क्षेत्र के ग्राम जमराव स्थित खारून नदी में 12 दोस्त पिकनिक मनाने पहुंचे थे। इसी दौरान नहाते समय एक युवक तेज बहाव की चपेट में आकर नदी में बह गया। घटना की सूचना मिलने के बाद कंट्रोल रूम दुर्ग से एसडीआरएफ टीम को मौके पर भेजा गया।



जिला सेनानी श्री दिनेश कुमार रावटे के निर्देश पर एसडीआरएफ की टीम ने तत्काल घटनास्थल पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। रात अधिक होने के कारण अभियान को रोकना पड़ा, जिसके बाद टीम ने सुबह 5 बजे दोबारा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
लगभग सुबह 9:05 बजे एसडीआरएफ के डीप डाइविंग एक्सपर्ट राजकुमार यादव और चंद्रप्रताप जंघेल ने तेज बहाव वाली खारून नदी में गहराई तक जाकर युवक के शव को खोज निकाला। शव को बरामद कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
मृतक युवक की पहचान टोमेश ध्रुव (22 वर्ष), पिता चुन्नू लाल ध्रुव, निवासी देवपुरी कमल विहार रायपुर के रूप में हुई है।
रेस्क्यू टीम में प्रभारी ईश्वर खरे सहित जवान चंद्रप्रताप, राजकुमार यादव, हबीब खान, राजू महानंद, आशीष, गोपी, थानेश्वर, चंद्रप्रकाश और भानुप्रताप शामिल रहे। एसडीआरएफ टीम की तत्परता से करीब 16 घंटे चले अभियान के बाद शव बरामद किया जा सका।