भारतीय टी 20 टीम में वैभव सूर्यवंशी की एंट्री पर ब्रेक, जानिए क्या है वजह

नई दिल्ली। आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन कर सुर्खियों में आए 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को भारतीय टी20 टीम में शामिल करने की मांग जोर पकड़ रही है। हालांकि पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा का मानना है कि मौजूदा परिस्थितियों में वैभव के लिए राष्ट्रीय टीम में जगह बनाना आसान नहीं होगा।

आकाश चोपड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा किए गए एक वीडियो में कहा कि भारतीय टी20 टीम में पहले से मौजूद संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा जैसे खिलाड़ियों के चलते वैभव को फिलहाल इंतजार करना पड़ सकता है। उनके अनुसार, संजू सैमसन ने टी20 विश्व कप 2026 में शानदार प्रदर्शन किया था और ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ भी रहे थे। ऐसे में उनकी जगह किसी नए खिलाड़ी को मौका देना चयनकर्ताओं के लिए आसान फैसला नहीं होगा।

उन्होंने यह भी कहा कि अभिषेक शर्मा लगातार बेहतरीन फॉर्म में हैं और लंबे समय से टी20 क्रिकेट में दुनिया के नंबर एक बल्लेबाज बने हुए हैं। ऐसे में शीर्ष क्रम में प्रतिस्पर्धा काफी कड़ी है।

आकाश चोपड़ा ने वैभव सूर्यवंशी की प्रतिभा की जमकर सराहना करते हुए कहा कि वह बेहद होनहार और भविष्य के बड़े खिलाड़ी हैं, लेकिन भारतीय टी20 टीम में जगह बनाने के लिए उन्हें अभी थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है।

इस बीच वैभव सूर्यवंशी को श्रीलंका में आयोजित होने वाली त्रिकोणीय सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है। 9 जून से शुरू होने वाली इस सीरीज का फाइनल 21 जून को खेला जाएगा। क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें अब इस युवा बल्लेबाज के प्रदर्शन पर टिकी होंगी।

गौरतलब है कि आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी ने अपने बल्ले से जमकर धमाल मचाया। उन्होंने 16 मैचों में 237 के शानदार स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए और ऑरेंज कैप जीतने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने। इसके अलावा उन्होंने टूर्नामेंट में 72 छक्के जड़कर एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का क्रिस गेल का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। एलिमिनेटर और दूसरे क्वालीफायर में उनकी शानदार पारियों ने उन्हें सीजन के सबसे चर्चित खिलाड़ियों में शामिल कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *