दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में अफरा-तफरी, मंच पर सुरक्षा गार्ड से झड़प

वैंकूवर (कनाडा) :कनाडा के वैंकूवर में आयोजित पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के ‘Aura-2026’ म्यूजिक कॉन्सर्ट के दौरान उस समय तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई जब कुछ प्रदर्शनकारी अचानक कार्यक्रम स्थल के भीतर घुस आए और जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। हजारों दर्शकों की मौजूदगी में हुई इस घटना से कुछ देर के लिए माहौल बिगड़ गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने मंच के पास पहुंचकर दिलजीत दोसांझ पर भारत की राजनीतिक और सामाजिक संगठनों से जुड़े होने के आरोप लगाए। इस दौरान भीड़ के बीच अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा व्यवस्था को तुरंत सक्रिय होना पड़ा।

सूत्रों के मुताबिक, हंगामा करने वालों में दो लोगों की पहचान पवनदीप सिंह बस्सी और मनदीप सिंह रवि के रूप में बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि इनका संबंध प्रतिबंधित संगठन सिख्स फॉर जस्टिस से है, जिसका नेतृत्व अलगाववादी गतिविधियों के लिए पहचाने जाने वाले गुरपतवंत सिंह पन्नू से जोड़ा जाता है।

सुरक्षा कर्मियों से झड़प

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा कर्मियों ने हस्तक्षेप किया, जिसके दौरान प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच हल्की धक्का-मुक्की भी हुई। कुछ समय के लिए कार्यक्रम बाधित रहा और संगीत की जगह नारेबाजी सुनाई देने लगी।

हालांकि, सुरक्षा दल ने जल्द ही स्थिति पर नियंत्रण पा लिया और कार्यक्रम को दोबारा शुरू कराया गया।

कार्यक्रम के बाद भी तनाव

घटना के बाद प्रदर्शनकारियों ने भविष्य में भी विरोध जारी रखने की चेतावनी दी है, जिससे गायक के आगामी अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों को लेकर सुरक्षा चिंता बढ़ गई है।

बताया जा रहा है कि यह कॉन्सर्ट 27 अप्रैल को आयोजित हुआ था, जब दिलजीत दोसांझ कनाडा दौरे पर थे। घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं, जहां कुछ लोग इसे कलाकार को विवादों में घसीटने की कोशिश बता रहे हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले भी विदेशों में दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रमों के दौरान इसी तरह के विरोध और विवाद सामने आ चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *